एफएसडीए की टीम ने पनीर फैक्टरी पर की छापेमार कार्रवाई, लिए नमूना
खैर। कस्बा में बुधवार को एफएसडीए की टीम ने पनीर फैक्टरी व दूध की डेयरी पर छापेमार कार्रवाई करते हुए पनीर के नमूना संग्रहित किए। टीम की छापेमार कार्रवाई से अन्य डेयरी संचालकों व दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
एसडीएम दिग्विजय सिंह को कस्बा खैर के अलावा जटटारी, चण्डौस, पिसावा में सिंथेटिक दूध व नकली पनीर,नकली देशी घी,सरसों का तेल,नकली मावा की जमकर शिकायत की थी। जिस पर एसडीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी त्रिभुवन नारायण को सिंथेटिक दूध से पनीर बनाने वाले दूध में भी मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान टीम ने टेंटी रोड स्थित न्यू शिव डेयरी से पनीर व बालाजी डेयरी से दूध का सेंपल संग्रहित किया। एसडीएम ने बताया कि लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र में खाद्यय पदार्थों में मिलावट कतई बर्दाश्त नहीं कही जाएगी। उन्होंने कहा कि एफएसडीए टीम की छापेमार कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। वहीं टीम के छापेमार कार्रवाई से डेयरी संचालकों व दुकानदारों में हड़कंप मच गया। वह अपनी अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े। हालांकि टीम के जाने के बाद उन्होंने अपनी डेयरी व दुकानें खोल ली।