रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

पहल : रोडवेज बसों की समस्याओं को लेकर परिवहन मंत्री से मिले गभाना चेयरमैन अभिमन्युराज सिंह

जल्द मिलेगी गभाना के लोगों को रोडवेज बसों की समस्याओं से निजात

गभाना। कस्बा गभाना में जल्द ही लोगों को रोडवेज बसों के न आने की समस्या से निजात मिलने वाली है। मामले को गंभीरता से लेते हुए गभाना चेयरमैन कुंवर अभिमन्युराज सिंह ने लखनऊ पहुंचकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत कराया है। जिस पर परिवहन मंत्री ने शीघ्र ही गभाना रोडवेज बस स्टैंड का सौंदर्यीकरण कराने व बसों का आवागमन कस्बा से होकर गुजरवाने का आश्वासन दिया है।

कस्बा तथा क्षेत्रीय ग्रामीणों की लंबे समय से गभाना बस स्टैंड पर बसों के ठहराब की मांग चली आ रही थी। ग्रामीण अनगिनत बार जनप्रतिनिधियों व उच्चाधिकारियों से लिखित व मौखिक शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। नवनिर्वाचित चैयरमैन व राजा गभाना कुंवर अभिमन्युराज सिंह ने ग्रामीणों की ज्वलंतशील समस्या को देखते हुए शनिवार को लखनऊ में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कस्बा में वर्षों से रोडवेज बस स्टैंड बना हुआ हैं, जिसमें वर्ष 2016 तक कैंटीन होने के चलते बसें बस स्टैंड पर आती जाती रहती थी। लेकिन कैंटीन हटते ही बस चालक व परिचालक अपनी मनमानी करते हुए बसों को कस्बा में अंदर ले जाने की वजाय हाईवे बाईपास से होकर ले जाते हैं। जबकि कस्बा से प्रतिदिन हजारों की संख्या में दैनिक यात्रियों के अलावा छात्र- छात्राएं, नौकरीपेशा व व्यापरियों का अलीगढ़, खुर्जा समेत विभिन्न स्थानों पर आवागमन होता हैं। रोडवेज बसों के न आने से उन्हें आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता हैं। मजबूरन उन्हें डग्गेमार वाहनों का सहारा लेकर जोखिम भरी यात्रा करनी पड़ती हैं या फिर दो किलोमीटर दूर टोल प्लाजा पहुंचकर बसों में सवार होना पड़ता है। दिन में तो किसी तरह लोग वहां पहुंच जाते हैं लेकिन रात्रि के समय तो स्थितियां और भी विषम हो जाती हैं, ऐसे में उन्हें कोई वाहन नहीं मिल पाता है। जिससे उन्हें पैदल ही आना-जाना पड़ता है। महिलाओं व बच्चों को इस दौरान खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसा होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी ही पद रही है, वही राजस्व की भी हानि हो रही है। उन्होंने रोडवेज बस स्टैंड पर चैक पोस्ट शुरू कराने तथा बसों का आवागमन कस्बा में अंदर होकर कराने की मांग की है। जिस पर परिवहन मंत्री ने उन्हें शीघ्र ही बस स्टैंड का सौंदर्यीकरण कराने तथा बसों का कस्बा में अंदर से आवागमन कराने का आश्वासन दिया है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!