गभाना। राजस्व परिषद के अध्यक्ष संजीव मित्तल ने सोमवार को तहसील का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को और भी बेहतर बनाने के लिए अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राजस्व परिषद के पूर्व में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पिछले कई दिनों से तहसील में साफ-सफाई के अलावा सजाने-संवारने का काम तेजी से चल रहा था। सोमवार को पूरी तहसील को दुल्हन की तरह से सजाया गया। शाम को करीब पांच बजे राजस्व परिषद के अध्यक्ष संजीव मित्तल तहसील का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एसडीएम कोर्ट रूम, तहसीलदार कोर्ट, रिकार्ड रूम समेत तहसील परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने रियल टाइम खतौनी पटल पर मौजूद लेखपाल राजीव शर्मा, कंप्यूटर आपरेटर विवेक कुमार, गोपी शर्मा व योगेश मित्तल से सवाल-जवाब किए। उन्होंने अभिलेखों के उचित रखरखाव, तहसील पर आने वाले फरियादी की बात को गंभीरता से सुनकर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न कोर्ट में चल रहे मुकदमों का प्राथमिकता से निस्तारण कराया जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय से न्याय मिल सके। उन्होंने राजस्व अभिलेखों का रखरखाव ठीक से रखने के साथ ही राजस्व वसूली बढ़ाने के भी निर्देश दिए। तहसील परिसर में व्यापक साफ-सफाई के साथ ही आने वाले फरियादियों के लिए पेयजल समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की उचित व्यवस्था की जाए।
एसडीएम केबी सिंह ने तहसील की पिछले दिनों की महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि आईजीआरएस के माध्यम से मिली शिकायतों के निस्तारण में तहसील गभाना फरवरी व अप्रैल माह में पूरे प्रदेश में अब्बल साबित हुई है। अतिक्रमण मुक्त अभियान में 152 हेक्टेयर भूमि कब्जामुक्त कराकर भूमि प्रबंधक समिति का कब्जा कराया गया। रियल टाइम खतौनी में अब तक 31 प्रतिशत कार्य कराया गया है। एसडीएम ने अविवादित विरासत के तहत 159 ग्रामों के 7,429 कृषकों के उत्तराधिकार के मामलों का निस्तारण कराया गया है। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रख-रखाव व साफ-सफाई को देखकर वह संतुष्ट नजर आए। निरीक्षण के उपरांत वह नोएडा के लिए रवाना हो गए।
ये रहे मौजूद
निरिक्षण के दौरान कमिश्नर नवदीप रिणवा, डीएम इंद्र विक्रम सिंह, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एसडीएम न्यायिक हीरालाल सैनी, एसडीएम खैर मृणाली जोशी, तहसीलदार उदयवीर सिंह, तहसीलदार अतरौली ऊषा सिंह, सीओ गभाना सुमन कनौजिया, नायब तहसीलदार संदीप चौधरी, अजेंद्र तौमर आदि मौजूद रहे।
काश रोज आते राजस्व परिषद के अध्यक्ष
तहसील परिसर में साफ-सफाई, मुख्य द्वार से कार्यालयों तक बिछी मैट, रंगाई-पुताई, वाहनों का पार्किंग में व्यवस्थित तरीके से खड़े देख आने वाला प्रत्येक फरियादी अचंभित था। सभी जानने को व्याकुल थे कि तहसील पर क्या विशेष हो रहा है। जब उन्हें पता चला कि तहसील का निरीक्षण करने राजस्व परिषद के अध्यक्ष आ रहे हैं, तो सभी के मुंह से बस एक ही जबाब था काश हर दिन राजस्व परिषद के अध्यक्ष तहसील आते। कम से कम साफ-सफाई तो बेहतर देखने को मिलती।