रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना के जवान ने किया नाम रोशन, वीरता के लिए मिला सेना पदक

गभाना। क्षेत्र के गांव ग्वालरा निवासी आर्मी के कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात जवान प्रदीप कुमार सिंह को बहादुरी के लिए सेना के पदक से सम्मानित किया गया है। प्रदीप की इस सफलता पर परिजनों समेत ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। इसको लेकर रविवार को उन्होंने मिष्ठान वितरित कर अपनी खुशी का इजहार भी किया।

ग्वालरा गांव के किसान राजेंद्र पाल सिंह के प्रदीप कुमार सबसे छोटे बेटे हैं। परिजनों के अनुसार प्रदीप को बचपन से ही सेना में जाने का जुनून था। पढ़ाई के दौरान भी वह नियमित अभ्यास करते थे। वर्ष 2004 में इंडियन आर्मी की कुमाऊं रेजीमेंट में भर्ती हुए। पिछले दिनों उन्हें आॅपरेशन दोरजी के दौरान हिमालय पर्वत की ऊपरी सतहों पर सिलीगुड़ी कारिडोर की सुरक्षा के लिए गश्त टीम का उप कमांडर बनाया गया। उन्होंने अपने प्राणों की परवाह न करते हुए देश की रक्षा में अपने अदम्य साहस एवं पराक्रम का परिचय दिया।

प्रदीप को इस बहादुरी के लिए सेना पदक के लिए चुना गया। प्रदीप को दिल्ली कैंट में आयोजित सम्मान समारोह में शनिवार को वेस्ट जोन के मेजर जनरल मनोज कटियार ने सेना के पदक से सम्मानित किया। प्रदीप को मिले सेना सम्मान को लेकर परिजन व ग्रामीण गदगद हैं। प्रदीप के इस सम्मान से न केवल पैतृक गांव ग्वालरा बल्कि तहसील गभाना एवं जनपद अलीगढ़ का नाम रोशन हुआ है। प्रदीप की इस सफलता पर गांव में खुशी का माहौल है। सेना का पदक लेकर गांव पहुंचे प्रदीप का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया और मिष्ठान खिलाकर उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी।

विज्ञापन 

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!