वृहद रोजगार मेला 29 जुलाई को, 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियाँ करेंगी प्रतिभाग
अलीगढ़। बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर प्रदान करते हुए एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन 29 जुलाई 2025 को प्रातः 10ः00 बजे से किया जा रहा है। यह मेला अम्रता सिंह मैमोरियल डिग्री कॉलेज, अनूपशहर रोड, तेजपुर, जवां में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मॉडल करियर सेंटर, राजकीय आईटीआई एवं अम्रता सिंह मैमोरियल डिग्री कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।
रोजगार मेले में लगभग 20 नामचीन कंपनियाँ प्रतिभाग करेंगी, जो लगभग 2100 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। प्रमुख कंपनियों में विजन इंडिया सर्विस (नोएडा), टाटा स्ट्राइव स्किल डेवलपमेंट सेंटर (अलीगढ़), पेटीएम (नोएडा), ई.एफ.एस. प्रा. लि. (सुडियाल अलीगढ़), एस.आई.एस. सिक्योरिटी सर्विस (देहरादून) सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं। मेले में जिन पदों पर भर्ती की जाएगी उनमें सिक्योरिटी सर्विस, मार्केटिंग, अकाउंटेंट, प्रोडक्शन एसोसिएट, कम्प्यूटर ऑपरेटर, सेल्स, वेलनेस एडवाइजर, सुपरवाइजर, स्टोर इंचार्ज, पैकिंग इंचार्ज, टेली कॉलर आदि प्रमुख हैं। चयन के लिए शैक्षणिक योग्यता के रूप में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आई.टी.आई., डिप्लोमा, बी.टेक, बी.बी.ए., एम.बी.ए. उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे।
रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) तथा राष्ट्रीय सेवायोजन पोर्टल (www.nes.gov.in) पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। केवल पंजीकृत अभ्यर्थियों को ही मेले में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अभ्यर्थी मेले में सम्मिलित होते समय अपने साथ एक्स-10 पंजीयन कार्ड, समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, पहचान पत्र (फोटो आई.डी.),दो पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा/रिज्यूमे की प्रति अवश्य लाएं। रिक्तियों का विस्तृत विवरण सेवायोजन पोर्टल पर उपलब्ध है। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए सेवायोजन कार्यालय, अलीगढ़ से संपर्क किया जा सकता है।
——-
जिला स्तरीय उद्योग बन्धु बैठक 30 को
अलीगढ़। संयुक्त आयुक्त उद्योग बीरेंद्र कुमार ने बताया है कि जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु की बैठक 30 जुलाई को दोपहर 12ः00 बजे से क्लैक्ट्रेट सभागार अलीगढ में आयोजित होगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से अनुरोध किया है कि निवेश मित्र पोर्टल पर प्रदर्शित समय-सीमा के उपरांत लम्बित प्रकरणों, ग्रेवियंश, फीडबैक आदि की पूर्ण सूचनाओं एवं विगत बैठक की अनुपालन आख्या सहित जिला स्तरीय उद्योग बन्धु बैठक में स्वयं प्रतिभाग करने का कष्ट करें।