इगलास में स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन
इगलास। कस्बा में अलीगढ़ रोड पर बिजली घर के सामने निश्शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में का आयोजन किया गया। जिसमें 72 मरीजों का परीक्षण करके परामर्श प्रदान किया गया। शिविर के दौरान हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. आयुष भार्गव ने हड्डी रोगियों का परीक्षण करके पचास मरीजों को परामर्श दिया। उन्होंने कहा कि लगभग 40 वर्ष के बाद संतुलित आहार न लेने की स्थिति में हड्डी कमजोर होने लगती हैं। इसके लिए प्रचुर मात्रा में संतुलित विटामिन युक्त आहार, हल्दी का दूध, अखरोट, बादाम, ग्रीन टी का सेवन करें। साथ ही नियमित रुप से व्यायाम करें संभव हो तो धूप में ही व्यायाम करें। गंभीर स्थिति होने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने में लापरवाही न करें। वहीं शिशुओं का परीक्षण करके डा. राहुल गुप्ता ने बताया कि सर्दी से बचाव के लिए बच्चों को ठंडी चीजें न खिलाएं, गर्म कपड़े पहनाकर रखें तथा कमरे के तापमान को संतुलित रखें। इसके साथ ही बच्चों को बाजार की तली-भुनी चीजों को खिलाने से परहेज करें। शिविर में मुकेश शर्मा, रोहित कुमार, अन्नू भारद्वाज, प्रिंस कुमार का सहयोग रहा।