हमारे विचार सदैव उच्च एवं दृढ़ होने चाहिए : जतन चौधरी
इगलास। परोपकार सामाजिक सेवा संस्था, तोछीगढ़ द्वारा बृजकिशोर इंटर कॉलेज, सूर्जा में बालिकाओं की आत्मरक्षा और मनोबल वृद्धि के लिए चलाई जा रही पहल मिशन नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत आज स्कूली छात्राओं को स्वयं की सुरक्षा के गुर सिखाए गये। संस्था के अध्यक्ष जतन चौधरी ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रगति के लिए हमारे सार्वजनिक जीवन में अनुशासन का होना बहुत जरूरी है। हमारे जीवन में हमारी खुद की सोच और संगत का बहुत बड़ा प्रभाव पड़ता है। हमारे विचार सदैव उच्च एवं दृढ़ होने चाहिए। अगर आप बाज की तरह उड़ना चाहते हैं तो आपको तीतर के साथ बैठना छोड़ना होगा। हमारे संघर्ष ही हमें ताकतवर बनाते हैं।
मोबाइल इत्यादि पर अधिक समय बर्बाद करने से कहीं ज्यादा अच्छा है कि किशोरावस्था का ये कीमती समय खुद को बेहतर बनाने में लागाया जाए। मानसिक रूप से, शारीरिक रूप से या आध्यात्मिक रूप से चाहे जैसे भी भी हों बस आप खुद को कल से बेहतर बनाएं फिर आपको कोई भी नहीं हरा सकता है। पहली जंग तो आपको खुद से ही जीतनी है। जैसा आज का माहौल चल रहा है उस हिसाब से देश की प्रत्येक बेटी को अपने मनोबल को ऊंचा रखकर हर क्षेत्र में अपना परचम लहराना चाहिए क्योंकि अब तो बेटी-बेटे में कोई फर्क ही नहीं है और अब बेटियां सेना हो या शिक्षा, डॉक्टरी हो या इंजीनियरी हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ रही हैं। अब बस जरूरत है आपके जागरूक होने की, अपना आत्मविश्वास बढ़ाने की क्योंकि ऊंची उड़ानें पंखों से नहीं हौसलों से उड़ी जाती हैं, इसलिए बालिकाएं अपराधियों से डरें नहीं बल्कि अपने हौसले बुलंद करते हुए हर मुश्किल का डटकर मुकाबला करें। परोपकार संस्था क्षेत्र की प्रत्येक बहन बेटी की सुरक्षा करने के लिए वचनबद्ध है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य वेदप्रकाश शर्मा, गौरी शर्मा, कल्पना, शिवांगी, अर्चना, दीपशिखा, कोमल, रेनू, शालिनी, दीप्ति, जान्हवी, अंबिका, खुशी, पलक, सौम्या आदि मौजूद रहीं।