रंगों के त्योहार होली पर गले मिलकर दी शुभकामनाएं, खूब खेली गई होली
अलीगढ़। रंगों का पर्व होली जनपद भर में पूरे उल्लास एवं पारंपरिक तरीके से मनाया जा रहा है। रविवार दोपहर शाम महिलाओं ने पहुंचकर होलिका दहन स्थल एवं होलिका की पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और उसकी परिक्रमा भी की। देर शाम शहर से लेकर देहात क्षेत्र में होलिका दहन किया गया। इस दौरान लोगों ने होली की अग्नि में जौ भूने और एक-दूसरे को वितरण कर होली की शुभकामनाएं दी।
उधर, अलीगढ़ महानगर में दोपहर बाद प्रमुख बाजार बारहद्वारी, महावीरगंज, कनवरीगंज, छिपेटी, बड़ा बाजार, रेलवे रोड, मामू भांजा, जयगंज, सासनीगेट, दुबे का पड़ाव, अचलताल, रामघाट रोड, सेंटर प्वाइंट आदि में टेसू के फूलों की होली खेली गई। हुरियारों ने राह चलते लोगों को रोक-रोककर उन्हें रंग से सराबोर कर दिया। हुरियारों की मस्ती का यह आलम था कि वे डीजे पर बज रहे होली गीतों और ढा़ेल की थाप पर थिरक रहे थे। इस दौरान हुरियारों ने ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिस कर्मियों को रंगने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी।
होली पर शांति व्यवस्था कायम रखने एवं कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस-प्रशासनिक अफसर सर्तक रहे। होली एवं रमजान को लेकर शहर की सभी मजिस्दों को कपड़ों से ढ़का गया है। उधर, होली को लेकर शहर में भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। सोमवार को होली के पर्व पर रंगों से जमकर होली खेली जाएगी। इसके लिए शहर और देहात में रविवार को लोगों ने बाजारों में पहुंचकर जमकर खरीदारी की। रंग, अबीर, गुलाल, पिचकारी, कलर बम आदि की खूब बिक्री हुई। देहात क्षेत्र के अतरौली, इगलास, खैर, गभाना आदि स्थानों पर लोगों ने जमकर होली खेली। देर रात तक पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में गस्त करती रही।
विज्ञापन

