सेक्स रैकेट से जुड़े होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर भेजा जेल
गभाना। थाना पुलिस ने सेक्स रैकेट के मामले में होटल मैनेजर को गुरुवार को महरावल पुल के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पिछले दिनों हाईवे पर महरावल पुल के पास स्थित होटल की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धंधे के मामले में वांछित चल रहा था।
यह था पूरा मामला
इंस्पेक्टर क्राइम मुकेंद्र कुमार ने बताया कि 16 जून को पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि महरावल पुल के पास हाईवे स्थित होटल राज रेजीडेंसी में देह व्यापार का धंधा चलता है। इसी आधार पर पुलिस टीम ने सीओ सुमन कनौजिया व नायब तहसीलदार कोल के मौजूदगी में होटल में छोपमारी की थी।
जहां से पुलिस ने तीन महिलाओं को पकड़ लिया था। दो महिलाओं ने खुद को पश्चिम बंगाल एवं तीसरी ने शाहजहांपुर की रहने वाली बताया था। छापेमारी के दौरान होटल स्वामी सुनील कुमार निवासी इंदिरा नगर खैर बाईपास रोड, देहलीगेट एवं विपुल निवासी फायर बिग्रेड कॉलोनी, बन्नादेवी को भी पकड़ा गया था।
जबकि होटल मैनेजर अजय कुमार जैन उर्फ जैनी निवासी दामोदर कॉलोनी थाना सासनीगेट भागने में सफल रहा था। पुलिस टीम को कमरों से आपत्तिजनक वस्तुएं एवं सेक्स बर्धक दवाएं पांच मोबाइल फोन, आधार कार्ड व 1500 रुपये बरामद हुए थे। जिस पर पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ देह व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया था।
हाईवे पर महरावल पुल के पास से किया गिरफ्तार
इंस्पेक्टर क्राइम मुकेंद्र कुमार ने बताया कि भागे हुए होटल मैनेजर की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई थी। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर भरतरी चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ आरोपी मैनेजर अजय कुमार जैन उर्फ जैनी को हाईवे पर महरावल पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।