रजवाहा की पटरी कटने से किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न
लोधा। कस्बा के पास मूसेपुर माइनर की पटरी कट जाने के साथ किसानों की सैकड़ों बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई। रजवाहा की पिछले दिनों ही सिचाई विभाग की ओर से साफ-सफाई कराई गई थी। जब किसानों को रजवाहा के कटने का पता चला तो सभी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, लेकिन जब तक किसानों की सैकड़ों बीघा धान फसल पूरी तरह डूब चुकी थी। खून पसीने की मेहनत से सींची गयी फसल को बर्बाद होता देख किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आई।
कस्बा के पास से मूसेपुर माइनर गुजर रहा है। जिसकी पिछले दिनों ही विभाग की ओर से साफ-सफाई कराई गई थी। शनिवार सुबह अचानक से रजवाहा की पटरी कट गई और पानी किसानों के खेतों की ओर रूख कर गया। रजवाहा कटने की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में किसान मौके की ओर दौड़ पड़े। किसानों ने कटाव को रोकने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के चलते उन्हें सफलता नहीं मिली। जिस पर किसानों ने सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी। सूचना पर पहुंचे सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से रजवाहा के कटान को बंद कराया। लेकिन तब तक किसान बंटी शर्मा, राहुल, सियाराम, राजेश समेत अन्य किसानों की करीब 150 बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई। पीड़ित किसानों के अनुसार पानी में डूब जाने के चलते फसल पूरी तरह से चौपट हो गई। किसानों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।