गभाना : बेकाबू ट्रक की टक्कर से घायल कुल्फी विक्रेता की भी हुई मौत
गभाना। सोमना-खैर मार्ग पर घौरोठ पुल के पास बुधवार शाम को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौतों का आंकड़ा बढ़कर दो हो गया है। ट्रक की भीषण टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए दूसरे व्यक्ति ने भी देर रात जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गुरुवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
तेज रफ्तार ट्रक ने ठेले को मारी थी टक्कर
बुधवार शाम को सोमना मोड़ की तरफ से खैर की तरफ जा रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने घौरोठ पुल के पास खड़े कुल्फी के ठेले को टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ठेला पूरी तरह चकनाचूर हो गया और वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
इस दर्दनाक हादसे में कुल्फी खा रहे एक भट्ठा मजदूर सीताराम (45 वर्ष) पुत्र निवासी खरेला, महोबा की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं कुल्फी विक्रेता कन्हैया कश्यप निवासी नहरौला, थाना खैर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कन्हैया को तुरंत गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया था, जहां जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। कन्हैया अपने पीछे दो मासूम बच्चों और पत्नी को रोते-बिलखते छोड़ गए हैं। हादसे बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।