कटरा मोड़ पर फैक्टरी में क्लोरीन गैस का रिसाव होने से मचा हड़कंप, दो दमकल कर्मियों की बिगड़ी हालत
बाजार को कराया बंद, आधे गांव के ग्रामीणों को किया शिफ्ट, छह लोगों की हुई तबियत खराब
गभाना। नगर के कटरा मोड़ स्थित एक पानी फिल्टर करने वाली फैक्टरी में बुधवार दोपहर को अचानक से क्लोरीन गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया।। सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद रिसाव को बंद कर दिया, लेकिन कुछ घंटों बाद ही फिर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। रिसाव इतना तेज था कि राहगीरों के अलावा पास ही में कटरा गांव के लोगों को घुटन महसूस होने लगी।
जानकारी होने पर पुलिस प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने अंदर जाकर गैस के रिसाव को काबू करने की कोशिश की, लेकिन क्लोरीन गैस के तेज रिसाव के कारण दो दमकल कर्मियों का दम घुटने लगा और वह बेहोश हो गए। जिन्हें आनन -फानन में अलीगढ़ के जेएन मेडिकल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
वहीं गैस रिसाव से करीब आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों की तबियत बिगड़ने लगी। जिन्हें प्रशासन ने एंबुलेंस की मदद से उपचार को निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गैस के रिसाव को बंद किया जा सका। जिस पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
पानी फिल्टर करने वाली फैक्टरी में हुआ रिसाव
कटरा मोड़ पर पानी फिल्टर करने को फैक्टरी का निर्माण चल रहा है। फैक्ट्री में विभिन्न उपकरण रखे गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार दोपहर में फैक्टरी से गैस का रिसाव होने राहगीरों व ग्रामीणों को आंखों में जलन व घुटन जैसे शिकायत हुई। सूचना पर थाना पुलिस के अलावा गभाना फायर स्टेशन से दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए। पता चला कि सिलिंडर का नोजल खराब होने से गैस लीक होने लगी थी।
दमकलकर्मियों ने दोपहर में तो रिसाव को कंट्रोल कर दिया। लेकिन शाम होते-होते रिसाव काफी तेज होने लगा। गैस का असर गांव के लोगों तक पहुंचने लगा। सूचना पर प्रशासन और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। गैस के रिसाव को रोकते समय दमकल कर्मी फायरमैन विशाल एवं शिवकुमार बेहोश हो गए। जिन्हें आनन-फानन जेएन मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया।
इसके बाद प्रशासन ने अलर्ट हो गया और तत्काल लोगों को वहां से हटने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने एहतियान कटरा मोड़ स्थित बाजार की सारी दुकानों को बंद करा दिया तथा कटरा-बरौली मार्ग के आवागमन को पूरी तरह से बंद करा दिया। जानकारी पर एसडीएम केबी सिंह, सीओ सुमन कनौजिया के अलावा एडीएम वित्त एवं राजस्व मीनू राणा, एसपी सिटी कुलदीप गुनावत मौके पर पहुंच गए।
वहीं कटरा गांव के लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी और आंखों में जलन एवं उल्टी होने की शिकायत होने लगी। जिस पर प्रशासन ने ग्रामीणों को गांव में दूसरी तरफ शिफ्ट कर दिया। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक लोगों को उल्टीयां व घुटन की शिकायत होने पर एंबुलेंस की मदद से निजी अस्पतालों में भर्ती करा दिया।
पानी व चूना डालकर रिसाव को किया बंद
फैक्टरी में क्लोरीन गैस का रिसाव होने की जानकारी पर गभाना व बन्नादेवी फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों से गैस रिसाव हो रहे सिलेंडर को वहां बनी हॉजी में डालने के बाद उसमें चूना व पानी भरकर रिसाव को बंद कराया।
फैक्टरी को किया सील
एसपी सिटी कुलदीप गुनावत ने बताया कि कटरा-बरौली मार्ग पर कटरा मोड़ के पास एक चाहरदीवारी वाले परिसर में पानी फिल्टर करने का काम किया जा रहा था। जिसमें क्लोरीन गैस सिलिंडर का नोजल खराब होने से गैस का रिसाव होने लगी था। रिसाव को रोक लिया गया है। पानी फिल्टर फैक्टरी को सील कर दिया गया है। मौके पर फैक्टरी से जुड़ा कोई भी कर्मचारी व मालिक नहीं मिला है। पता किया जा रहा है कि फैक्टरी किसकी है? संचालन के लिए अनुमति ली गई है या नहीं जांच की रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।