विवाहिता ने फांसी के फंदे पर झूलकर की जीवन लीला समाप्त, हत्या का आरोप
पिसावा। थाना क्षेत्र के गांव बसेरा में पति से विवाद होने पर विवाहिता ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंचे मायका पक्ष के लोगों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव के श्याम सिंह का रविवार को पत्नी प्रीती से गैस सिलेंडर को लेकर मामूली सा विवाद हो गया, जिसके बाद श्याम सिंह घर से बाहर चला गया। इसी बात पर 27 वर्षीय प्रीती ने घर में फांसी के फंदे पर लटकर अपनी जान दे दी। कुछ समय बाद श्याम सिंह घर पहुंचा तो पत्नी का शव फंंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए। सूचना पर थाना पुलिस के अलावा मायका पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। मायका पक्ष के लोगों ने बेटी की हत्या कर देने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह ने बताया कि पति से विवाद होने पर महिला ने फांसी के फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में कोई भी तहरीर नहीं मिली है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।