कोतवाली सभागार में पुलिसकर्मियों की हुई बैठक
इगलास। कोतवाली सभागार में बुधवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव ने की। इस दौरान एसएसआई समेत अन्य अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अनुशासन एवं जनसंपर्क को मजबूत बनाए रखने पर बल दिया। प्रभारी निरीक्षक ने आगामी त्योहारों एवं कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही जनता के साथ संवाद और सहयोग की भावना से कार्य करने की अपील की। बैठक में थाना क्षेत्र के सभी एसआई उपस्थित रहे। उन्होंने निर्देशों को गंभीरता से पालन करने का आश्वासन दिया।
—-
दहेज में ट्रैक्टर ने मिलने पर विवाहिता से मारपीट
इगलास। जनपद मथुरा के छाता निवासी नेकसे का कहना है कि उसने अपनी बेटियां कौशल्या व नेहा की शादी राहुल व सौरभ पुत्रगण हरपाल उर्फ टमाटर निवासी व्योंही के साथ आठ वर्ष पूर्व की थी। शादी के बाद से कौशल्या का पति राहुल, ससुर हरपाल व सास रानी देवी दहेज को लेकर संतुष्ट नहीं हुए। दहेज में ट्रैक्टर की मांग करने लगे। मांग पूरी न करने पर बेटी को मारपीट करके घर से निकाल दिया। इसको लेकर मुकदमा चल रहा है। राहुल व उसके पिता ने गांव में पंचायत करके कौशल्या को बुला लाए। सात जुलाई को पति, ससुर, सास, ननद व सोनू ने मारपीट की। पति ने फांसी लगा दी, चीख सुनने के बाद लोगों ने बचाया। बेटी की सूचना पर बेटा अवधेश गया तो उसके साथ मारपीट की गई। इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने बताया कि घटना की प्राथमिकी पंजीकृत की गई है।
—-
गाली देने का विरोध करने पर पीटा
इगलास। गांव बिचौला निवासी टिंकू पुत्र धनपाल का कहना है वह सात जुलाई को अलीगढ़ से मेहनत-मजदूरी करके घर लौट रहा था। रास्ते में लालमन मिला और गाली देने लगा। विरोध किया तो मारपीट करते हुए धमकी दी। घटना के संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
—-
पति ने की मारपीट, मुकदमा दर्ज
इगलास। कस्बा की लालपुर कालौनी निवासी ज्योति पत्नी सौरभ का कहना है कि उसकी शादी हुए आठ वर्ष बीत गए। उसके तीन बच्चे हैं। पति शराब पीकर मारपीट करता है। वह मायके चली गई थी। आठ जुलाई को उसे मायके से साथ लाने के बाद घर पर कमरा में बंद करके मारपीट करने लगा। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने थाना जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा। कोतवाली पुलिस ने घटना के संबंध में पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।