ईद एवं श्रावण मास पर गड़बड़ी की तो होगी जेल
अलीगढ। ईद एवं श्रावण मास को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में थाने एवं पुलिस चौकियों पर शांति सुरक्षा समिति की बैठकों का आयोजन कर नागरिकों से शांति व्यवस्था के साथ आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की जा रही है। ईद को लेकर शहर को जहां नौ सेक्टरों में बांटा गया है तो वहीं देहात क्षेत्र को 15 सेक्टरों में बांटा गया है। इसी क्रम में थाना कोतवाली नगर, सासनीगेट, देहलीगेट के अलावा गभाना थाने मे शांति व्यवस्था की बैठक हुई । एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि ईद एवं श्रावण मास में मंदिरों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और हरेक गतिविधि पर पुलिस की नजर रहेगी। थाना गभाना में हुई शांति समिति की बैठक में इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे एवं सौहार्द्र का प्रतीक होते हैं। ऐसे में सभी लोग मिलकर इन्हें आपसी प्रेम एवं भाईचारे को कायम रखें। उन्होंने साफ किया त्योहारों की आड़ में किसी को भी गड़बड़ी करने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी ने एेसा करने का प्रयास भी किया तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रावण मास में क्षेत्र के सभी शिव मंदिरों एवं शिवालयों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे । शांति समिति की बैठक में लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को बताया और उनके निदान की मांग रखी। बैठक में इंस्पेक्टर क्राइम मुकेंद्र कुमार, एसएसआई केबी सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार, व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवेंद्र पाल सिंह पम्मी, डॉ. श्याम सुंदर वशिष्ठ, हाजी यामीन अली, मुकेश कश्यप, राजकुमार अग्रवाल, तेजवीर सिंह आदि समेत तमाम नागरिक मौजूद रहे।