रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

बंदरों की लड़ाई ने गभाना के लोगों की नींद उडाई,  हाईटेंशन लाइन के छह पोल हुए धराशाई

गभाना। कस्बा गभाना के लोग इन बंदरों के आतंक से खासा परेशान हैं। बंदर कभी लोगों के घरों से कपड़े व खाने पीने की चीजें ले जाते हैं तो कभी राहगीरों पर हमलावार होकर उन्हें घायल कर देते हैं। बुधवार को बंदरों की लड़ाई में हाईटेंशन लाइन के छह पोल धराशाई हो गए। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां पर कोई भी व्यक्ति व जानवर मौजूद नहीं था। अन्यथा कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।

पोलों के टूट जाने के चलते गभाना नगर पंचायत क्षेत्र की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। जिससे क्षेत्र के लोगों को गर्मी व मच्छरों के बीच रात गुजारने को मजबूर होना पड़ रहा है। हालांकि विद्युत विभाग की टीम आपूर्ति को सूचारू करने के लिए पोल खड़ा करने में जुटी हुई है, वहीं लोगों में विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर भी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगे अधिकांश विद्युत पोल नीचे से गल चुके हैं, लेकिन विभाग ने उक्त पोलों को बदलवाने की बजाय बैल्डिंग कराकर खानपूर्ति कर दी है। जिसके चलते बंदरों की लड़ाई में ही पोल गिर पड़े।कस्बा में गभाना-बरौली मार्ग पर वनखंडी देवी मंदिर से ठाकुर द्वारा तक लग रहे हाईटेंशन लाइन के पोल जर्जर हालत में पहुंच चुके हैं। लोहे के पोल नीचे से पूरी तरह से गल चुके हैं। जिस पर विद्युत विभाग ने पोलों को बदलवाने की जगह उन्हें पोलों में नीचे एंगल बेल्डिंग कराकर मरम्मत करवा दी है। बुधवार शाम को बंदरों की आपस में हुई लड़ाई में एक के बाद एक-एक करके छह पोल पूरी तरह से धराशाई हो गए।

गनीमत रही कि उस समय उक्त मार्ग से कोई भी राहगीर नहीं गुजर रहा था, वर्ना कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। बता दें कि कस्बा से बरौली समेत करीब दो दर्जन से अधिक गांवों के हजारों लोगों का उक्त मार्ग से आवागमन रहता है। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में सैकड़ों पोल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हैं, लेकिन विद्युत विभाग ने खानपूर्ति को मरम्मत कर दी है। जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कई बार लिखित व मौखिक शिकायत की जा चुकी हैं।

लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। शायद विद्युत विभाग के अधिकारी किसी बड़े हादसे के इंतजार में बैठे हुए हैं। पोलों के टूट जाने से पूरे गभाना नगर पंचायत की आपूर्ति के अलावा थाना परिसर, तहसील परिसर व टोल प्लाजा गभाना की आपूर्ति भी पूरी तरह से ठप हो गई है।इस संबंध में जेई गजराज सिंह ने बताया कि क्षेत्र में 95 पोल खराब हैं, जिनको बदलवाने के लिए उच्चाधिकारियों को लिखित में सूचना देने के साथ ही डिमांड भेजी जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि टूटे हुए पोलों को ठीक करने के कर्मचारी जुटे हुए हैं। देर रात तक पूरी नगर पंचायत की आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!