ननदोई ने दोस्तों के साथ मिलकर महिला से किया दुष्कर्म
- पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
चंडौस। एटा के एक गांव की महिला ने ननदोई व उसके दोस्तों पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में आरोपी ननदोई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर सीता राम सरोज ने बताया कि एटा के एक गांव की महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि नगला पदम में उसकी रिस्तेदारी है। वह गुरुवार शाम को नगला पदम आ रही थी। उसने खैर के गोमत चौराहे से ननदोई को फोन करके ले जाने के लिए बुलाया। इस दौरान ननदोई अपने दो अन्य दोस्तों के साथ उसे लेने पहुंच गया। आरोप है कि इस दौरान तीनों से रास्ते में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर ननदोई पवन व उसके दाे दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी ननदोई पवन को नगला शोभा जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
चोरी की दो बाइक समेत शातिर चोर को किया गिरफ्तार
अलीगढ़। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर को चोरी की दो बाइक समेत गिरफ्तार कर जेल भेज है।
इंस्पेक्टर संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मन्नत तिराहा के पास से बाइक चोर को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बादशाह उर्फ समीर पुत्र विश्वास खां निवासी अहमदपुर चौरोली, थाना जेवर (गौतमबुद्धनगर) बताया। उसकी निशानदेही पर पिछले दिनों जेएन मेडिकल काॅलेज की पार्किंग से चोरी हुई दो बाइक बरामद हुई हैं। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया आरोपी काफी शातिर किस्म का चोर है। जो आए दिन बाइक चोरी की घटना को अंजाम देता था। उन्होंने बताया कि मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
दो चोरों को किया गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद
अलीगढ़। हरदुआगंज थाना पुलिस ने दो शातिर चोरों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी बृजपाल सिंह ने बताया कि सोमवार को क्षेत्र के गांव चौगानपुर निवासी जीवाराम ने बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस टीम बाइक व चोरों की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इस्कान गीता ज्ञान भवन के सामने ने दो शातिर चोरों को चोरी की गई बाइक के साथ दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम धर्मेंद्र पुत्र विनोद निवासी पला फाटक, बुद्ध विहार थाना गांधीपार्क व आकाश सैनी पुत्र नरेंद्र सैनी निवासी धनीपुर मंडी, कुंवर नगर थाना गांधीपार्क बताया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
दो शातिर चोरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, चोरी की मैक्स पिकअप को किया बरामद
अलीगढ़। सासनीगेट पुलिस ने मंगलवार को दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से पिछले दिनों चाेरी हुई मैक्स पिकअप गाड़ी को बरामद किया है।
सीओ प्रथम अभय कुमार पांडेय ने बताया कि बीती 2 जुलाई की रात्रि में आगरा रोड के सराय बुर्ज में घर के बाहर खड़ी मैक्स पिकअप को चोर चुराकर ले गए थे। मामले में मथुरा रोड के पुष्पविहार कॉलोनी निवासी दिलीप कुमार यादव ने अज्ञात चोरों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मामले में चोरों की तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मथुरा रोड़ स्थित हाजीपुर चोहट्टा वाली पुलिस के पास से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम व पते जीतू उर्फ जितेंद्र पुत्र महावीर सिंह निवासी सराय बुर्ज व मनु उर्फ मनोज पुत्र भूरी सिंह निवासी प्रेमचौक पला साहिबाबाद थाना सासनीगेट बताया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मैक्स पिकअप गाड़ी बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।