भारत मां की तस्वीर कुर्सी पर रखकर भाजपाई ने क्यों किया थाना का घेराब?
अलीगढ़। क्वार्सी थाने में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा करते हुए थाने का घेराब किया। इस दौरान उन्होंने इंस्पेक्टर के कमरे में रखी कुर्सी बाहर निकाल कर उस पर भारत माता की तस्वीर रख दी। भाजपाई सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी पर मुकदमा दर्ज करने के बाद भी आरोपी के खिलाफ केवल शांति भंग की कार्रवाई कर मुचलका भरकर छोड़ देने से नाराज थे। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों की जमकर नोक-झौंक भी हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने योगी-मोदी जिंदाबाद के नारे लगाने के साथ ही पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की। उन्होंने आरोपी के खिलाफ देशद्रोह की कार्रवाई करने की मांग की।
अतरौली के युवक ने सोशल मीडिया पर डाली अमर्यादित पोस्ट
भाजयुमो जिलाध्यक्ष धर्मवीर लोधी और उपाध्यक्ष सौरभ चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों अतरौली के शेखूपुर निवासी गगन कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी किया था। जिसके बाद दो दिन पहले उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन पुलिस ने देशद्रोह की कार्रवाई न करते हुए सिर्फ शांतिभंग में कार्रवाई करते हुए मुचलका भरकर ही आरोपी को छोड़ दिया। पुलिस ने साक्ष्य के रूप में न मोबाइल जब्त किया गया और न ही विवादित पोस्ट डिलीट कराई गई।
कुर्सी पर रखी भारत मां की तस्वीर
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज भाजपाइयों ने जब हंगामा शुरू किया तो इंस्पेक्टर प्रवेश राणा थाने से निकलकर चले गए। जिसके बाद भाजपाई और गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने इंस्पेक्टर के दफ्तर से कुर्सी बाहर निकालकरर भारत मां की तस्वीर रख दी और जमकर हंगामा करने लगे। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स भी थाने पहुंच गई और भाजपाइयों की पुलिस से जमकर नोंकझोंक हुई। भाजपाई आरोपी के खिलाफ देशद्रोह की कार्रवाई करने की मांग पर डटे रहे।
सीओ के आश्वासन पर हुए शांत
हंगामे की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी तृतीय अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता से वार्ता कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर भाजपा कार्यकर्ता शांत हुए।
इस दौरान भाजयुमो के लतेश लोधी, उदयपाल लोधी, मनोज प्रधान, अर्जुन सिंह भोलू, आकाश गुप्ता, अमित ठाकुर, विनय कुमार, दुर्पेन्द्र पचौरी, नानक राजपूत, धर्मेंद्र लोधी, पंकज लोधी, अमित चौधरी, कुलदीप बघेल, स्माईल खान समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।