जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त
गभाना। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम सीडीओ आकांक्षा राणा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में अवैध कब्जे, चकरोड, पेंशन, बिजली, पैमाइश आदि से जुड़ी कुल 26 शिकायतें आई। जिसमें से मौके पर तीन शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। शेष बची शिकायतों को संबंधित विभाग को जल्द निस्तारण करने के निेर्देशों के साथ सौंप दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सीडीओ ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस, आईजीआरएस समेत विभिन्न स्त्रोतों से आने वाली जन समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लेते हुए समय से निस्तारण करें, जिससे फरियादी को बार विभिन्न पटल पर शिकायत करने पर मजबूर न होना पड़े। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में जरा भी लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समस्याओं का निस्तारण कराने के बाद अधिकारी व कर्मचारी शिकायतकर्ता को जरूर संतुष्ट जरूर करें। कार्यक्रम में पुलिस से जुड़ी शिकायतें सीओ सुमन कनौजिया ने सुनी। इस मौके पर एसडीएम केबी सिंह, तहसीलदार उदयवीर सिंह, नायब तहसीलदार संदीप चौधरी, अजेंद्रतौमर, बीडीओ चंडौस राहुल वर्मा, पूर्ति निरीक्षक शिवकुमार त्यागी, जेई विद्युत गजराज सिंह आदि मौजूद रहे।
विधायक ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
इगलास। तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस एसडीएम महिमा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विधायक राजकुमार सहयोगी ने पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस मौके पर तहसीलदार गजेंद्रपाल सिंह, नायब तहसीलदार मयंक गोयल, श्चेता जिंदल आदि मौजूद रहे।
22 शिकायतों में से दो का हुआ निस्तारण
अतरौली। एनेक्सी भवन में संपूर्ण समाधान दिवस एसडीएम अनिल कुमार कटियार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 22 शिकायती प्रार्थना पत्र आए। जिसमें से मौके पर केवल शिकायतों का ही निपटारा किया जा सका। शेष बचे शिकायती प्रार्थना पत्रों को संबंधित को जल्द ही निस्तारण के निर्देशों के साथ सौंप दिया गया। इस मौके पर तहसीलदार सुभाष यादव, सीओ मोहसिन खान, नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार गौतम, नायब तहसीलदार प्रिया गर्ग आदि मौजूद रहे।