लेकर जा रहा था नशीला पाउडर, पुलिस ने दबोचा
चंडौस। थाना पुलिस ने गस्त के दौरान नशीला पाउडर लेकर जा रहे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर सीता राम सरोज ने बताया कि शुक्रवार रात्रि में वह और दारोगा रूणित तोमर मय फोर्स के क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गस्त कर रहे थे। तभी गौमत तिराहे के पास पिसावा मार्ग के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस टीम को खड़ा दिखाई पड़ा। युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। जिस पर पुलिस ने युवक का पीछा करते हुए पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम गीतम पुत्र गिरीश कुमार निवासी एलमपुरा थाना चंडौस बताया। जामा तलाशी में उसके कब्जे से से 650 ग्राम नशीला पाउडर (डायजापामा) बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि पकड़े आरोपी पर चंडौस थाना में आर्म्स एक्ट, आबाकारी अधिनियम वएनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज हैं। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
आत्महत्या को उकसाने वाली महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल
गभाना। पिछले दिनों क्षेत्र के गांव रूस्तमपुर ढ़ोला में युवक द्वारा फांसी लगाकर की गई आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
इंसपेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह ने बताया कि बीती 6 जून को गांव रूस्तमपुर ढ़ोला में 38 वर्षीय संजीव ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में संजीव की मां पुष्पा ने अंजली उर्फ सुमन निवासी बरूकी थाना हसनपुर, पलवल ( हरियाणा) हाल निवासी कमालपुर रोड, गांधीपार्क अलीगढ़ के खिलाफ बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने व आत्महत्या को उकसाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। तब से पुलिस टीम महिला की तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार को एसएसआई केपी सिंह ने आरोपी महिला को बन्नादेवी क्षेत्र में सारसौलचौराह के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
देवी मां का जागरण देखकर घर जा रही युवती से आरोपी की छेड़छाड़
पिसावा। थाना क्षेत्र के एक गांव में देवी मां का जागरण देखकर घर जा रही किशोरी के साथ गांव के आरोपी युवक ने छेड़छाड़ कर डाली। किशोरी के शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता देख आरोपी गाली गलौज करते हुए भाग गया।
पीड़िता के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 12 जुलाई की रात्रि में उसकी 19 वर्षीय बहन गांव में हो रहे देवी मां के जागरण को देखकर अकेली घर लौट रही थी। आरोप है कि तभी रास्ते में गांव का नवीन पुत्र भेदू मिल गया और बहन के हाथ पकड़कर जबरन छेड़खानी करने लगा। बहन ने उसका विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर शराब सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जिन्हें देख आरोपी गाली-गलौज व धमकी देते हुए भाग गया। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।