रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

श्रावण के द्वितीय सोमवार को शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

इगलास। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला जो आध्यात्मिक उल्लास और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बन गया। शिवभक्तों ने भोर से ही जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के साथ भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिरों में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष गूंजते रहे, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। कांवड़ लेकर आए शिवभक्तों ने गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। स्थानीय शिवालयों में विशेष सजावट की गई थी और व्यवस्थाएं दुरुस्त रहीं। जगह-जगह भंडारे का आयोजन हुआ। कस्बा के प्राचीन वनखंडी महादेव मंदिर, गांव सहारा खुर्द के कुमारेश्वर महादेव मंदिर, कस्बा बेसवां के धरणीधर स्थित मंदिरों समेत अन्य मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें सुबह से ही देखने को मिलीं। महिलाओं और युवाओं ने व्रत रखकर पार्थिव शिवलिंग बनाकर पूजा की। स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। पुलिस कर्मी लगातार भ्रमण कर रहे थे ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!