रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

जीवन की नई यात्रा का पहला पड़ाव है ओरिएंटेशन

-नवदीक्षा कार्यक्रम का पांचवा दिवस उमंग व प्रेरणा के साथ संपन्न

इगलास। मंगलायतन विश्वविद्यालय का नवदीक्षा 2025 (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम शुक्रवार को पांचवें दिन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दिन विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग संकाय में दाखिला लेने वाले नवप्रवेशी विद्यार्थियों का औपचारिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं कुलगीत से हुई। सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने इस अवसर को नए सफर की प्रेरणादायी शुरुआत के रूप में अनुभव किया।

कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने अपने भावनात्मक संबोधन में कहा कि आज का दिन केवल नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत नहीं, बल्कि जीवन की नई यात्रा का पहला पड़ाव है। विश्वविद्यालय आपका परिवार है और हम हर कदम पर मार्गदर्शक बनकर खड़े रहेंगे। यदि आंखों में सपने हैं तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं। कुलसचिव ब्रिगेडियर समरवीर सिंह ने विद्यार्थियों से बाज के गुणों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ऊंची उड़ान भरनी है, लेकिन यह तभी संभव होगा जब उनकी दृष्टि सदैव अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहेगी। स्वागत भाषण में डायरेक्टर एडमिशन प्रो. सौरभ कुमार ने विश्वविद्यालय की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि यहां उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. महेश कुमार ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रो. उदय शंकर, डा. राजेश उपाध्याय आदि थे। संचालन डा. दीपिका बांदिल ने किया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!