गभाना में हुए भोलू हत्याकांड के मुख्य आराेपी को पुलिस ने भेजा जेल
गभाना। जवां के हिस्ट्रीशीटर भोलू ठाकुर उर्फ भोलू गढ़िया हत्याकांड के मुख्य आरोपी पंकज को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अभी तक हत्याकांड में दो नामजद दो आरोपियों को जेल भेज चुकी है। वही पुलिस टीम प्रकाश में आए अन्य आराेपियों की तलाश में जुटी हुई है।
यह था पूरा मामला
थाना जवां क्षेत्र के गढ़िया भोजपुर निवासी 38 वर्षीय भोलू ठाकुर उर्फ सुनील पुत्र शिशुपाल सिंह रविवार को थाना लोधा में चिकावटी स्थित एक रेस्टोरेंट के उद्घाटन के कार्यक्रम में गांव के संजीव कुमार, अपने दोस्त सुनील निवासी तेजपुर आदि के साथ स्कॉर्पियो कार से शामिल होने गया था। रेस्टोरेंट के उद्घाटन समारोह में ग्वालरा निवासी पंकज भी अपने साथियों के साथ शामिल हुआ।
जहां फिर से पंकज और भोलू ठाकुर के बीच कहासुनी हुई। जहां पंकज, चंद्रवीर आदि युवकों ने भोलू ठाकुर के साथ मारपीट कर दी और स्कॉर्पियो कार के शीशे भी तोड़ डाले। किसी तरह लोगों ने बीच-बचाव कराया और भोलू ठाकुर को घर भेज दिया। भोलू ठाकुर दोस्त सुनील कुमार के साथ गभाना बरौली रोड होते हुए अपने गांव जा रहे थे। तभी रात करीब 11 बजे पीछा करते हुए बाइक व कार सवारों ने रिलायंस पेट्रोल पंप के पास भोलू ठाकुर को हमलावरों ने गोली मार दी।

गोली बाएं कंधे से सीने में जा घुसी और मौके पर ही भोलू ठाकुर ने दम तोड़ दिया था। जानकारी पर इलाका पुलिस के अलावा एसएसपी कलानिधि नैथानी, पुलिस अधीक्षक यातायात मुकेश चंद्र उत्तम, क्षेत्राधिकारी गभाना सुमन कनौजिया समेत विभिन्न थानों की पुलिस, सर्विलांस, फारेंसिक आदि टीमें पहुंच गई। जांच पड़ताल के दौरान कार में कारतूस का एक खोखा बरामद हुआ था।
दो नामजद समेत छह-सात अज्ञात के खिलाफ कराया था मुकदमा दर्ज
भोलू ठाकुर के भाई राहुल कुमार ने पंकज कुमार और चंद्रवीर निवासी ग्वालरा, थाना गभाना को नामजद करते हुए छह- सात अज्ञात खिलाफ हत्या, एक राय होकर मारपीट एवं जानलेवा हमले और स्कॉर्पियो कार को क्षतिग्रस्त करने का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पुलिस पूर्व में ही आरोपी चंद्रवीर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
कोर्ट में सरेंडर करने जाते समय किया था गिरफ्तार
भोलू हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी पंकज कुमर बुधवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के लिए जा रहा था। तभी पुलिस ने घंटाघर से गिरफ्तर कर लिया था। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा भी बरामद किया था। सीओ गभाना सुमन कनौजिया ने बताया कि रेस्टोरेंट के उद्घाटन में पंकज को निमंत्रण नहीं था। रेस्टोरेंट जवां क्षेत्र के गांव रायपुर दहेली निवासी बबलू ठाकुर का है।बबलू ने ऊपरी मंजिल पंकज को किराए पर दी थी, जिसमें वह होटल चलाता है। पूछताछ में पंकज ने बताया कि दो माह से घाटा होने के चलते किराया नहीं दे पाया।गई। इस पर बबलू ने जुर्माना लगा दिया। पंकज ने पिछले माह बतौर जुर्माना सात हजार रुपये दिए थे। उस पर होटल खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था। रविवार को हुए कार्यक्रम में आए भोलूव उसके साथियों ने भी होटल खाली करने का दबाव बनाया। इसी बात पर विवाद हो गया। पंकज पक्ष के लोगों ने भोलू के गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। तब कुछ लोगों ने बीचबचाव कर दोनों को अलग कर दिया। पंकज ने ये भी बताया कि कार्यक्रम के दौरान भोलूव उसके साथी खाना खा रहे थे। तभी सुनील ऊपरी मंजिल से पानी का कैंपर उठाकर नीचे ले आया। इसका विरोध करने पर भी विवाद हुआ था। इसके बाद पंकज ने अपने साथी हर्षित व तरुण को बुला लिया। उन दोनों ने अपने अन्य साथियों को बुलाया। सभी ने स्विफ्ट कार से भोलू की कार का पीछा किया और हाईवे पर रिलायंस पेट्रोलपंप के पास पंकज ने गोली मार दी। पंकज ने बताया कि हम सभी शराब के नशे में थे। घटना के बाद कन्होई मोड़ से यू-टर्न लेकर घर चले गए। सुबह जानकारी हुई कि भोलू की मृत्यु हो चुकी है।
सीओ ने बताया कि आरोपी काे गुरूवार को कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी से पूछताछ में प्रकाश में आए अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।