भू-माफियाओं से एक करोड़ से अधिक मूल्य की सरकारी भूमि को राजस्व टीम ने कराया कब्जा मुक्त
- ग्राम प्रधान की शिकायत पर टीम ने की बड़ी कार्रवाई
अलीगढ़। तहसील कोल के गांव उखलाना में राजस्व विभाग व पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए भू-माफियाओं से करोड़ों रुपये की सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया। टीम की कार्रवाई से भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया। खाली कराई गयी भूमि को ग्राम प्रधान के सुपुर्द कर दिया गया है।
ग्राम प्रधान ने डीएम से की थी शिकायत
उखलाना गांव की ग्राम प्रधान ललितेश चौहान ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत डीएम विशाख जी से की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसडीएम कोल को मामले में जांच कर भूमि को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए थे।
शनिवार को नायब तहसीलदार कोल प्रियंका शर्मा के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की गई। नायब तहसीलदार ने बताया कि अभिलेखों की जांच के दौरान गाटा संख्या 1549 रकवा 0.161 हेक्टेयर भूमि सरकारी अभिलेखों में बंजर भूमि के रूप में दर्ज है। जबकि भू-माफियाओं ने आवासीय पट्टे के रूप में जो रसीद दिखाई, वह अवैध पाई गई।
बाउंड्रीवाल को कराया ध्वस्त
टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 1610 वर्गमीटर भूमि पर हो लग रही बाउंड्रीवाल को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कराते हुए भू-माफियाओं के कब्जे से सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराते हुए ग्राम प्रधान के सुपुर्द कर दिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि खाली कराई गई भूमि की कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख 75 हजार रुपये है। उन्होंने बताया कि भू-माफियाओं को कड़ी हिदायत दी गई है कि यदि किसी ने भी फिर से सरकारी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया गया तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान टीम में कानूनगो अशोक चौहान, लेखपाल शाहिद हुसैन आदि मौजूद रहे।