रोरावर के सब्जी व्यपारी की ग्रेटर नोएडा में पीट-पीटकर की हत्या
अलीगढ़। थाना रोरावर क्षेत्र के अलहदादपुर नीवरी के एक युवक की ग्रेटर नोएडा में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक का शव ईकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र में पड़ा हुआ मिला। गुरुवार को युवक शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार अलहदादपुर नीवरी निवासी 22 वर्षीय चांद खां पुत्र अल्लामहर दिल्ली के इब्राहीमपुर में सब्जी का कारोबार करता था। ईट पर वह घर आया हुआ था। जहां से मंगलवार सुबह वह दिल्ली के लिए चला गया, लेकिन वह दिल्ली नहीं पहुंचा। गुरुवार को उसका शव ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र में लहुलुहान हालत में पड़ा हुआ मिला। उसके सिर व पेट पर धारदार हथियार से हमला कर घटना को अंजाम दिया गया था। जानकारी मिलने पर परिजनों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण ग्रेटर नोएडा पहुंच गए। गुरुवार देर शाम को शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक चांद दो भाई व एक बहन में दूसरे नंबर का था। वह दिल्ली से ग्रेटर नोएडा कैसे पहुंचा, परिजन कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं। वही मामले में नोएडा पुलिस गहनता से छानबीन में जुटी हुई है।