गौंडा थाने का एसडीएम ने औचक निरीक्षण
इगलास। तहसील क्षेत्र के थाना गौंडा में बुधवार को एसडीएम पारितोष मिश्रा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर के अभिलेखों का गहन अवलोकन किया तथा साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और लंबित शिकायतों की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना स्तर पर आने वाली प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादी थाने में न्याय की उम्मीद से आते हैं, ऐसे में उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना और निपटाया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ विनम्रता और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार किया जाए। एसडीएम ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में थाना स्टाफ पूरी निष्ठा से कार्य करे। निरीक्षण के अंत में एसडीएम ने थाना परिसर की व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाएं।