एसडीएम ने चलाया अवैध अतिक्रमण हटाओ अभियान
खैर। कस्बा में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर जाम की गंभीर समस्या से को देखते हुए शनिवार को एसडीएम व सीओ ने तहसील प्रशासन व पुलिस बल के साथ अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान एसडीएम ने अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने भी सड़क पर अवैध रूप से अतिक्रमण किया तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के साथ उनके सामान को जब्त कर लिया जाएगा।
बता दें कि कस्बा में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर दुकानदारों ने अपने अवैध रूप से सड़क के बाहर अपने समान को रख रखा है, उन्हीं के आगे ठेल-ढकेल लगी रहती है। जिससे व्यक्त मार्ग पर हर समय जाम की समस्या बनी रहती हैं।
जाम की गंभीर समस्या को देखते हुए शनिवार को एसडीएम दिग्विजय सिंह व सीओ राजीव द्विवेदी, इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार ने टीम के साथ करबन नदी पुल से लेकर मुख्य मार्गों पर अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण को हटवाया। टीम को देखकर दुकानदारों में खलबली मच गई।
बस स्टैंड, सुभाष चौक, सोसाइटी के पास से कुछ दुकानदारों ने टीम को देख खुद सामान हटवा लिया, वहीं कुछ के सामान व टीनशैड आदि काे हटवाया गया। एसडीएम और सीओ ने चेतावनी दी कि सड़क पर अवैध अतिक्रमण करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा, संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए सामान को जब्त कर लिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में कस्बा की सब्जी मंडी, सोमना मार्ग, बजारों समेत अन्य प्रमुख मार्गों से अवैध अतिक्रमण को हटवाया जाएगा।