रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

एसडीएम ने मेडबंदी एवं सीमांकन की पत्रावलियां लंबित रखने पर मालबाबू के निलंबन की डीएम से की संस्तुति

गभाना। एसडीएम केबी सिंह से अधिवक्ताओं ने तहसीलदार न्यायालय में मेडबंदी एवं सीमांकन से जुड़ी पत्रावलियों को लंबित रखने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। जिस पर एसडीएम ने मालबाबू पटल पर पहुंचकर पत्रावलियों की जांच की तो अधिवक्ताओं की शिकायत सही मिली। मालबाबू की अलमारी में 20-25 पत्रावलियां रखी हुई मिलीं। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तहसीलदार उदयवीर सिंह का स्पष्टीकरण मांगा है, जबकि मालबाबू के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ निलंबन की संस्तुति डीएम से की है।




बुधवार की सुबह एसडीएम हर प्रतिदिन की तरह जनसुनवाई कर रहे थे। तभी तहसील के अधिवक्ताओं ने पहुंचकर शिकायत की कि मेडबंदी एवं सीमांकन से जुड़े वादों की पत्रावलियों को तहसीलदार न्यायालय में कई महीनों से लंबित रखा जा रहा है। इससे वादकारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम केबी सिंह अपने कार्यालय से तहसीलदार न्यायालय में पहुंचे।


संबंधित पत्रावलियों के बारे में जानकारी मांगी तो पता चला कि मालबाबू संजीव कुमार के पास रखी हुई हैं। जिसके बाद एसडीएम मालबाबू के पटल पर पहुंच गए। जहां उन्होंने अलमारी खुलवायी तो वहां दो-दो महीने पुरानी 20-25 पत्रावलियां रखी हुई मिली। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए पूरे प्रकरण में तहसीलदार उदयवीर सिंह से स्पष्टीकरण तलब किया है। जबकि मालबाबू के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के साथ ही उसके निलंबन की संस्तुति डीएम को पत्र भेजकर की है। एसडीएम ने कहा कि वादकारियों को अनावश्यक तरीके से परेशान करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!