रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कलयुगी बाप ने मर्यादाओं को किया तार-तार, 12 साल की बेटी के साथ किया दुष्कर्म

- तीन माह की गर्भवती होने पर खुला राज, पीड़िता के चाचा ने दर्ज कराई रिपोर्ट

गभाना। बेटियों और महिलाओं से दुष्कर्म की घटनाएं इस कदर पैर पसार रही है कि आए दिन ऐसी दिल को झकझोर देने वाली घटनाएं सुनने को मिल रही है। पहले तो लड़कियाें को घर से बाहर भेजने पर असुरक्षित महसूस किया जाता था, लेकिन अब घर के भीतर ही ऐसे मामले सुनने में आ रहे हैं। जिससे रूह कांप जाए। ऐसा ही मामला थाना क्षेत्र के एक गांव का सामने आया हैं, जहां पर एक कलयुगी बाप ने बाप- बेटी के रिश्ते की मर्यादाओं को तार-तार कर डाला है। कलयुगी बाप ने अपनी 12 साल की बेटी को भी नहीं बख्शा। आरोपी बाप ने नाबालिग बेटी की अस्मत लूट ली। जब परिजनों को किशोरी के तीन माह की गर्भवती होने की जानकारी हुई तब राज खुल सका। मामले में पीड़िता के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी पिता चोट लगने के कारण चलने फिरने में मोहताज है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



किशोरी के गर्भवती होने पर खुला राज

मामले में किशोरी के चाचा की ओर से दी गई तहरीर में बताया कि उसकी 12 वर्षीय भतीजी ने पड़ौस की एक महिला को माहवारी न आने व पेट फूलने की परेशानी के बारे में बताया। जिस पर महिला को शक हुआ और उसने जांच की तो किशोरी 3 माह की गर्भवती निकली। जानकारी परिजनों को हुई तो उनके होश उड़ गए। परिजनों से भतीजी से प्यार-दुलार से हकीकत जानी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। किशोरी ने रोते-बिलखते हुए बताया कि करीब चार माह पूर्व पिता ने शराब के नशे में उसके साथ जबरन दो बार दुष्कर्म किया। बुधवार को परिजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई।

चाचा की तहरीर पर दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज

सीओ सुमन कनौजिया ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ दुष्कर्म व पाॅक्सो की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पिता करीब तीन माह पूर्व गांव में कुंए में गिरने से रीड़ की हड्डी में चोट लगने से चल-फिर नहीं सकता है। वह केवल चारपाई पर ही पड़ा हुआ है। आरोपी के स्वस्थ्य होते ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

पत्नी की हत्या के आरोप में एक वर्ष पूर्व ही लौटा है जेल से

सीओ सुमन कनौजिया ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी को जलाकर हत्या कर देने के आरोप में करीब नौ वर्ष की सजा काटकर एक वर्ष पूर्व ही जेल से छूट कर आया है। 12 वर्षीय बेटी घर पर उसके साथ रहती है, जबकि एक बेटा दिल्ली में तथा दूसरा बेटा गांव में ही अपने चाचा के यहां पर रहता हैं।



You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!