गभाना में अनियंत्रित मैक्स ने स्कूली बस को मारी टक्कर, चार छात्र सहित छह घायल
गभाना। कस्बे में जीटी रोड स्थित वैष्णों धाम कॉलोनी के समीप गुरुवार को एक अनियंत्रित मैक्स गाड़ी ने स्कूली बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बस में सवार चार छात्र समेत छह लोग चोटिल हो गए। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे से मची चीख-पुकार
कस्बे के सरस्वती पब्लिक स्कूल की बस छुट्टी के बाद दोपहर में छात्रों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। जैसे ही बस वैष्णों धाम कॉलोनी के पास पहुँची तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार मैक्स गाड़ी ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस व मैक्स क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर लगते ही बस के भीतर बच्चों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
ये हुए घायल
हादसे में कक्षा सात का छात्र भूमिक निवासी चिलावटी, माधव टमकौली कक्षा छह, गवेंद्र घोरौठ कक्षा सात और सौरभ जखौता कक्षा नौ चोटिल हुए हैं। इनके अलावा स्कूल की आया रानी देवी निवासी नगला नत्था और मैक्स क्लीनर लवकुश निवासी पला को भी चोटें आईं। स्कूल प्रबंधन ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
फरार चालक की तलाश
हादसे के बाद आरोपी मैक्स चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मैक्स गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने खड़ा करवा दिया गया है। स्कूल प्रबंधन की तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल सभी बच्चे सुरक्षित हैं।