छुट्टी लेकर घर लौट रहे फौजी की ट्रेन से गिरकर हुई मौत
गभाना। क्षेत्र के गांव चुआवली के निकट दिल्ली-कानपुर रेलवे लाइन पर छुट्टी लेकर घर लौट रहे फौजी की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मृतक के पास मिले दस्तावेजों व मोबाइल फोन के आधार पर उसकी शिनाख्त हो सकी। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के मुक्तसर साहिब के थाना कोट बाई के गाव खुनन खुर्द निवासी 34 वर्षीय लखबिंदर सिंह पुत्र प्रकाश सिंह आर्मी में पंजाब रेजीेमेंट में नायक के पद पर थे। वर्तमान में उनकी तैनाती तेलंगाना के सिकंदराबाद में थी।
परिजनों के अनुसार वह 13 जनवरी को एक माह की छुट्टी लेकर ट्रेन से पंजाब लौट रहे थे। सोमवार को वह क्षेत्र के गांव चुआवली के पास अचानक से ट्रेन से गिरकर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
मृतक की जेब में मिले दस्तावेज व फाेन के आधार पर उसकी शिनाख्त हो सकी। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने परिजन शव को पंजाब के लिए ले गए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक फौजी दो बच्चों के पिता थे।
विज्ञापन
