अलीगढ़ के गौंडा में फौजी के बेटे की गोली मारकर की हत्या
अलीगढ़। गौंडा थाना क्षेत्र के नगला दरबर निवासी 24 वर्षीय युवक का शव खैर मार्ग पर नयावास नहर पुल के समीप स्थित गेस्ट हाउस के पीछे खेत में पड़ा मिला। कनपटी पर गोली मारकर युवक की हत्या की गई थी। युवक की हत्या किसने और क्यों की पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है। मृतक टैक्सी चलाता था और शुक्रवार की रात्रि से गायब था।
नगला दरबर निवासी 24 वर्षीय अरविंद कुमार उर्फ जयवीर पुत्र राजेंद्र सिंह फौजी शुक्रवार की रात्रि से गायब था। परिजनों ने अरविंद को काफी खोजा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। युवक का मोबाइल भी बंद जा रहा था। शनिवार की सुबह खैर मार्ग पर नयावास नहर पुल के समीप स्थित गेस्ट हाउस के पीछे खेत में ग्रामीणों को एक युवक का शव पड़ा हुआ दिखा। मृतक की शिनाख्त अरविंद के रूप में हो गयी। युवक की कनपटी पर गोली मारकर हत्या की गई थी। सूचना पर एसपी ग्रामीण पलास बंसल, सीओ खैर राजीव द्विवेदी, इंस्पेक्टर विजयकांत शर्मा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। शव के समीप से शराब की बोतल मिली है और जैसे लोगों में गुत्थमगुत्था हुई हो इस तरह ही स्थिति थी। जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि मरने से पहले मृतक की आरोपियों से झगड़ा भी हुआ होगा। घटना स्थल की जांच करने के लिए डाॅग स्काउट की टीम को भी बुलाया गया। हालांकि अरविंद की हत्या किसने और क्यों की इसकी गुत्थी नहीं सुलझ सकी है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।