गभाना टोल प्लाजा के पास से STF को हाथ लगी बड़ी कामयाबी, एक कुख्यात हथियार तस्कर को किया गिरफ्तार
- बस में दिल्ली से कासगंज से जा रहा था आरोपी, अवैध पिस्टल, तमंचा, 3 मैग्जीन व 45 कारतूस हुए बरामद
गभाना। गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर गभाना टोल प्लाजा के पास से शुक्रवार को STF को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। STF ने बस से दिल्ली से कासगंज जा रहे एक कुख्यात हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर लिए। उसके कब्जे से अवैध पिस्टल, तमंचा के अलावा मैग्जीन व कारतूस बरामद हुआ हैं। आरोपी पर हत्या, लूट, जानलेवा हमले, अार्म्स एक्ट समेत विभिन्न सुसंगत धाराओं में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने STF के दरोगा की तरफ से मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।
STF की फील्ड यूनिट के उपनिरीक्षक राशिद अली अपनी टीम के साथ क्षेत्र में इनामिया अपराधियों की तलाश में जुटे हुए थे। तभी मुखबिर ने एक कुख्यात हथियार तस्कर के दिल्ली से बस में कागसंग हथियार ले जाने की सूचना दी। सूचना पर टीम ने गभाना टोल प्लाजा के पास दिल्ली की ओर से आने वाली बसों की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान टीम ने एक रोडवेज बस में बैठे हथियार तस्कर को दबोच लिया।
जिसे टीम पकड़ कर गभाना थाना ले आई। पूछताछ में उसने अपना नाम समीर उर्फ पप्पू गाजी पुत्र अनवार हुसैन निवासी मोहल्ला योग मार्ग थाना सोरो जनपद कासगंज बताया। तलाशी में उसके कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, तीन मैग्जीन व 45 कारतूस बरामद हुए हैं।
उसने बताया कि वह अवैध हथियारों को फिरोजाबाद के अब्दुला नाम के व्यक्ति से एक पिस्टल को करीब 30 हजार रुपये में खरीदता है और 50 हजार रुपये में कुख्यात अपराधियों को बेचकर मोटा मुनाफा कमाता है।
इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह ने बताया कि मामले में STF के उपनिरीक्षक राशिद अली की तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पर दिल्ली, कासगंज, बदायूं में हत्या, जानलेवा हमला, लूट, डकैती, चोरी, गैगस्टर एक्ट, NSA समेत सुसंगत धाराओं में 30 मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।