हिंदू किशोरी काे ले जाने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
गभाना। थाना क्षेत्र के एक गांव से हिंदू किशोरी का अपहरण कर ले जाने वाले मुस्लिम युवक को शुक्रवार तड़के हाईवे पर महरावल पुल के पास पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस के ऊपर फायरिंग कर डाली। पुलिस की ओर से जबाबी फायरिंग में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। जिसका पुलिस ने उपचार कराने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। जबकि किशोरी को भी पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। पकड़ा गया आरोपी काफी शातिर किस्म का है। जो कि कोतवाली में हिस्ट्रीशीटर है तथा बुलंदशहर जनपद में 15 हजार रुपये का इनामी भी है। आरोपी में कई थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज है।
धर्म छिपाकर किराए पर रह रहा था, 8 मई को ले गया था किशोरी
सीओ गभाना संजीव तौमर के अनुसार कोतवाली के इस्लामनगर मुल्लापाढ़ा, भुजपुरा निवासी सुभान उर्फ सलमान पुत्र दिलशाद थाना क्षेत्र के एक गांव में धर्म बदलकर किराए के मकान में रहता था। आठ मई को सुभान पड़ौस में रहने वाली 17 वर्षीय हिंदू किशोरी को अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया था। मामले में किशोरी की मां ने अारोपी के खिलाफ थाना में मुकदमा दर्ज कराया था। गुरुवार को पुलिस ने किशोरी को भगाने में मदद करने के आरोप में सुभान के पिता दिलशाद को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
खुद को घिरता देख पुलिस पर की फायरिंग
सीओ के अनुसार पुलिस को गुरुवार रात्रि में सूचना मिली कि आरोपी सुभान अलीगढ़ में मथुरा बाईपास पर किशोरी को कहीं ले जाने की फिराक में खड़ा हुआ है। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर आरोपी फरार हो गया, जबकि पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार तड़के हाईवे पर महरावल पुल के पास पुलिस को आरोपी दिखाई दिया। आरोपी सुभान ने पुलिस को देखते ही तमंचा से गोली चला दी। पुलिस टीम की जबाबी फायरिंग में एक गोली आरोपी के पैर में लग गई। जिससे आरोपी घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला व आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज करने के साथ ही उसे जेल भेज दिया।
आरोपी पर है 15 हजार का इनाम
सीओ के अनुसार आरोपी काफी शातिर किस्म का बदमाश है। जिस पर गभाना थाना के अलावा कोतवाली, महुआखेड़ा, बुलंदशहर सिकंदराबाद थाना में लूट, चोरी, गोवध अधिनियम, जानलेवा हमला, गैंगस्टर एक्ट समेत दर्जनों मुकदमा दर्ज है। आरोपी कोतवाली में हिस्ट्रीशीटर है, जबकि उस पर सिकंदराबाद पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित है।