रामपुर के शिव मंदिर में देव प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा, भक्ति रस में डूबा नगर
- हवन-यज्ञ के बाद निकली भव्य शोभायात्रा, चेयरमैन ने किया शुभारंभ, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
गभाना। नगर के रामपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शुक्रवार को भक्ति और उल्लास के साथ देव प्रतिमाओं का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह संपन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
यज्ञ-हवन में दी आहुतियां, गूंजे मंत्र
धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आयोजित भव्य हवन-यज्ञ से हुई। मुख्य यजमानों सहित उपस्थित नागरिकों ने आहुति देकर क्षेत्र की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिर परिसर में चल रहे मंत्रोच्चार से वातावरण पूरी तरह से पवित्र हो उठा।
भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद नवनिर्मित देव प्रतिमाओं (शिव परिवार, राम परिवार और हनुमान जी) की एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ नगर पंचायत चेयरमैन अभिमन्युराज सिंह ने दीप प्रज्वलित और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। शोभायात्रा जैसे ही नगर के प्रमुख मार्गों पर पहुंची, श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत, झूमे युवा
शोभायात्रा में जहां एक ओर महिलाएं पारंपरिक परिधानों में मंगलगीत गाते हुए चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर युवा श्रद्धालु डीजे की धुनों और भक्ति भजनों पर थिरकते नजर आए। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया और भगवान का आशीर्वाद लिया।
आरती और प्रसाद वितरण के साथ समापन
पूरे नगर का भ्रमण करने के उपरांत शोभायात्रा वापस शिव मंदिर पर पहुंची। यहाँ मुख्य आचार्यों की देखरेख में पूर्ण विधि-विधान, धार्मिक रीति-रिवाजों और जयकारों के बीच देव प्रतिमाओं को उनके गर्भगृह में स्थापित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर महाआरती की गई और भंडारे के रूप में प्रसाद वितरण किया गया।
आयोजन में ये रहे मौजूद
इस पूरे धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में सरनाम सिंह, सभासद नरेंद्र शर्मा, राकेश सिंह, शिशुपाल सिंह, संजू सिंह, देवराज सिंह, मनीष शर्मा, अनिल सिंह, नरेश सिंह, दिनेश शर्मा, कृष्ण कुमार सिंह, अजीत सिंह, सचिन सिंह, गायत्री, रामा देवी, निर्मल सिंह, मधु सिंह आदि का विशेष सहयोग रहा।