बिजली के पोल की खैंच में उतरा करंट, भैंस की चिपककर हुई मौत
इगलास। गौंडा थाना क्षेत्र के गांव कैमथल में बिजली के पोल की खैंच में उतरे करंट से एक किसान की भैंस की चिपककर मौत हो गई। मामले को लेकर पीड़ित किसान व ग्रामीणों में विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रोष व्यक्त किया है।
कैमथल निवासी हरपाल सिंह पुत्र सुखवीर सिंह मंगलवार सुबह अपने पशुओं को बांधने के लिए घेर पर जा रहे थे। तभी रास्ते में खड़े एक बिजली के पोल में बंधी खैंच में उतरे करंट की चपेट में उनकी भैंस आ गई। जब तक किसान हरपाल सिंह व अन्य ग्रामीण भैंस को छुड़ा पाते, उससे पूर्व ही किसान की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों व किसान में विद्युत विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त हो गई। ग्रामीणों के अनुसार विभागीय लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है। पीड़ित किसान ने थाने में तहरीर देने के साथ ही मुआवजा दिलाने की मांग की है।