रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

युवती ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, युवक ने जहर खाकर दे दी जान

इगलास। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पड़ोसी युवक पर अश्लील फोटो प्रसारित करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामला कोतवाली पहुंचा तो युवक ने फोटो प्रसारित करने के बाद विषाक्त पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के प्रार्थना पत्र पर रिपोर्ट दर्ज की है। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

एक गांव निवासी युवती का कहना है कि वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। गांव के पड़ोसी युवक ने एक वर्ष पहले नहाते हुए उसके फोटो खींच लिए थे। युवक इंटरनेट मीडिया पर फोटो प्रसारित करके बदनाम करने की धमकी देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा और अश्लील फोटो व वीडियो बना ली। शनिवार शाम को करीब आठ बजे वह शौच के लिए गई थी। तभी युवक जंगल में उसे चरी के खेत में खींच ले गया और जबरन दुष्कर्म कर डाला। किसी को बताने पर फोटो व वीडियो प्रसारित करने व खुद जहर खाकर मरने की धमकी देने लगा। युवती ने घर पहुंच कर मां को सारी आपबीती बताई। मामले में जब युवक की मां से शिकायत की तो उसने गाली- गलौज करते हुए धमकी दी। परिजनों के साथ युवती कोतवाली पहुंच गई और युवक पर जबरन दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इसके बाद युवक ने युवती के अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिए।

रविवार की सुबह युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत खराब होने पर परिजन युवक को कस्बा स्थित लक्ष्मण देवदत्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। डा. ज्योति शर्मा ने बताया कि युवक की हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ के लिए रेफर किया था। लेकिन परिजन यहीं उपचार कराना चाहते थे। इस संबंध में पुलिस को भी सूचना दी गई। दोपहर करीब 12 बजे युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में युवती के प्रार्थना पत्र पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं युवक पक्ष की ओर से आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले में जांच की जा रही है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!