ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने वाले वृद्ध की हुई शिनाख्त
गभाना। दिल्ली-कानपुर रेलवे ट्रैक पर भुमियां बाबा फाटक के पास गुरुवार को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने वाले वृद्ध की देर रात्रि में परिजनों ने थाना पहुंचकर शिनाख्त कर ली। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार शाम को भुमियां बाबा फाटक के पास एक वृद्ध ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर की शिनाख्त कराने के काफी प्रयास किए थे, लेकिन शिनाख्त न होने पर शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया था। देर रात में परिजनों ने थाने पहुंचकर मृतक की शिनाख्त लोधा के गांव बीरमपुर निवासी 85 वर्षीय हरीशंकर के रूप में कर ली। मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे। गुरुवार सुबह परिवार के सभी सदस्यों के खेतों जाने के बाद वह घर से निकल आए और रेलवे लाइन के किनारे पहुंच गए और हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने शुक्रवार काे शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक पांच बच्चों के पिता थे।