उपद्रव के लिए जाना जाने वाला प्रदेश आज बना उत्सव प्रदेश : योगी आदित्यनाथ
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गभाना में जनसभा को किया संबोधित
गभाना। उत्तर प्रदेश पूर्व में उपद्रव के लिए जाना जाता था, लेकिन आज दंगा मुक्त और उत्सव प्रदेश बन चुका है। यह बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अलीगढ़ से भाजपा प्रत्याशी सतीश गाैतम के समर्थन में गभाना में आयोजित जनसभा में बोली। उन्होंने कहा कि किसी ने सोचा भी नही होगा कि अपराधियों पर नकेल लगाई जा सकती है, बेटी और व्यापारी सुरक्षित होकर रात में भी निकल सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ राम को लेकर नहीं आए हैं, बल्कि जो भी व्यापारियों और बेटियों के लिए खतरा बना, हमने उसका राम नाम सत्य भी कर दिया है। उन्होंने विपक्षियों पर जमकर निशाने साधते हुए कहा कि वह तो अपने प्रत्याशी भी तय नहीं कर पा रहे हैं।
यहां बोला कम जाता है, सीधे रिजल्ट मिलता है
सीएम योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में बोला कम जाता है, बल्कि सीधा रिजल्ट दिया जाता है। यही मोदी की गारंटी है। प्रदेश में आज दीपोत्सव, रामोत्सव, रंगोत्सव हो रहा है और प्रदेश में लोग इसका आनंद ले रहे हैं। बरसाने में होली का त्योहार मनाने के लिए इस साल 10 लाख लोग पहुंचे थे, जबकि पिछली सरकारों में सिर्फ 20-25 हजार लोग ही पहुंच पाते थे। कांवड़ यात्राएं निकाली जा रही है।
गन्ना बोना शुरू करो, मिल हम देंगे
योगी के संबोधन के दौरान लोगों ने चीनी मिल की मांग की। जिसे सुनकर तत्काल सीएम ने इसका जवाब दिया और कहा कि अलीगढ़ में चीनी मिल भी भाजपा की सरकार ही देगी। किसान भाई गन्ना बोना शुरू कर दें और उन्हें मिल सरकार देगी। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को उनके गन्ने का भुगतान नहीं होता था। सात-सात साल तक वह भुगतान के लिए भटकते रहते थे। आज भाजपा सरकार प्रदेश में 120 चीनी मिलें संचालित कर रही है। जल्द ही चीनी मिल भी आ जाएगी।
भारत बनेगा तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था
सीएम योगी ने लोगों से कहा कि अलीगढ़ में दूसरे चरण में मतदान है। 26 अप्रैल को सभी को मतदान करना होगा और सभी यह सुनिश्चित करें कि अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाना है। उनके तीसरे कार्यकाल के शुरू होने के 3 साल के अंदर भारत सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
किसी ने सोचा नहीं था बनेगा सिक्स लेन
सीएम ने कहा कि अलीगढ़ वासियों ने कभी सोचा नहीं था कि यहां से गाजियाबाद से अलीगढ़ तक सिक्स लेन रोड बनेगा। यह जिला कर्फ्यू और दंगों से मुक्त होगा। हार्डवेयर उद्योग तो यहां पहले से था, अब यहां पर डिफेंस कॉरीडोर का नोड भी है, जहां पर हथियार तैयार होंगे और इससे दुश्मनों को धूल चटाई जाएगी। किसी ने सोचा नहीं था कि यहां पर सीमेंट फैक्टरी आएगी, श्रमिकों के बच्चों को उच्च शिक्षा देने के लिए अटल आवासीय विद्यालय बनाया जाएगा। विद्यालय की इतनी भव्य इमारत बनाई गई है।
खेरेश्वर मंदिर व धरणीधर का किया जिक्र
सीएम योगी ने अपने संबोधन में सबसे पहले खेरेश्वर महादेव मंदिर व धरणीधर का नाम लेते हुए कहा कि बृज मंडल के अंदर अपना महत्व रखने वाली, महान चंद्रवंशी राजाओं की धरा को व 1857 के प्रथम स्वतंत्र समर में शिवनारायण पंडित, मंगला सिंह, महताब सिंह ने अपने तेजस्वी नेतृत्व में स्वतंत्रता को जो नेतृत्व दिया एेसी धरा को नमन करता हॅू।
चुनाव चल रहे हैं, लोगों को परिणाम पहले से तय है
सीएम योगी ने कहा कि लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। दूसरे चरण में अलीगढ़ में मतदान होगा। मोदी जी के नेतृत्व में पिछले दस वर्ष में जो काम हुए हैं, उन ऐतिहासिक कार्यों को ध्यान में रखते हुए पूरा देश उनमें विश्वास करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर फिर से अपने आपको तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि इतिहास में एेसा पहली बार है जब चुनाव चल रहे हैं, लोगों को परिणाम के बारे में पहले से तय है। तीसरी बार फिर से मोदी सरकार बनेगी। उन्होंने सांसद सतीश गौतम को तीसरी बार भारी मतों से विजय बनाने की लोगों से अपील की।
यह रहे मौजूद
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, राजस्व राज्यमंत्री व हाथरस प्रत्याशी अनूप प्रधान, सांसद प्रत्याशी सतीश गौतम, राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह, महापौर प्रशांत सिंघल, जिपं अध्य्क्ष विजय सिंह, बरौली विधायक ठाकुर जयवीर सिंह, छर्रा विधायक रावेंद्र पाल सिंह, कोल विधायक अनिल पराशर, शहर विधायक मुक्ता राजा, इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी, एएमयू के पूर्व कुलपति व एमएलसी प्रो. तारीक मंसूर, पूर्व विधायक ठा. दलवीर सिंह, ठा. आरपी सिंह, एमएलसी चौ. ऋषिपाल, एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला, महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा, गोपाल सिंह, चेयरमैन गभाना अभिमन्युराज सिंह, जिला उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, जिला सह कोषाध्यक्ष सुशील गुप्ता, शिवनारायण शर्मा, मंडल अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, विजय सिंह पप्पू, महेंद्र प्रताप सिंह उर्फ पिंका ठाकुर, दलवीर सिंह, रालोद जिलाध्यक्ष कालीचरन सिंह, महेश शर्मा, कुलदीप शर्मा आदि मौजूद रहे।