ग्वालरा गांव स्थित पातालेश्वर मंदिर से चोरों ने कीमती घंटे किए चोरी, रिपोर्ट दर्ज
गभाना। क्षेत्र के गांव ग्वालरा स्थित पातालेश्वर मंदिर से बुधवार की रात में चोर पीतल के कई घंटे चोरी कर ले गए। गुरुवार को जब घटना की जानकारी लोगों को पता चली तो उनमें रोष व्याप्त हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाई।
क्षेत्र के गांव ग्वालरा निवासी धर्मपाल गिरी ने गुरुवार को थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह मंदिर के पुजारी हैं। बुधवार शाम को वह प्रतिदिन की भांति मंदिर के पट कर अपने घर चले गए। देर रात में चोर मंदिर से पीतल के करीब नौ घंटे चोरी कर ले गए। गुरुवार सुबह पुजारी व ग्रामीण पूजा-अर्चना करने पहुंचे तब घटना की जानकारी हो सकी। मंदिर में चोरी की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर गभाना सुधीर कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश की जा रही है।