बेसवां में तीन दिवसीय बलदेव छठ मेला शुरू
बेसवां कस्बा में ऋषि विश्वामित्र की तपोस्थली धरणीधर सरोवर के तट पर ब्रज के राजा दाऊजी महाराज के जन्मोत्सव पर तीन दिवसीय बलदेव छठ मेले का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को प्राचीन दाऊजी मंदिर पर एसडीएम महिमा राजपूत ने फीता काट कर मेले का शुभारंभ किया। चेयरमैन कुंवर राज सिंह ने मंदिर में पूजा अर्चना करा कर प्रसाद वितरण कराया।
गुरुवार को दाऊजी महाराज के भव्य श्रृंगार होंगे और मंदिर पर फूल बंगला सजेगा। पारंपरिक मेले में दूर दराज से आए दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजाई हैं। मेला कमेटी के सपन ठेनुआ ने बताया कि मेले में गुरुवार की रात्रि काे संगीत सम्मेलन, शुक्रवार की दोपहर काे कुश्ती दंगल व रात्रि में रसिया दंगल होगा। कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर भरत शर्मा, चेतन स्वरूप प्रभात, रवि शर्मा, गुलशन बंसल, विवेक शर्मा, कुंज बिहारी बंसल, ओंकार सिंह, सपन ठेनुआ, अनिल बंसल, इमामुद्दीन खान आदि थे।