हाईवे पर घने कोहरा में तीन वाहन आपस में भिड़े, दो युवक घायल
गभाना। नेशनल हाईवे पर गांव भांकरी के पास बुधवार तड़के घने कोहरे के चलते तीन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में दो वाहन चालक घायल हो गए। जिनका निजी अस्पताल में उपचार कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बन्नादेवी क्षेत्र के खैर बाईपास निवासी अवधेश कुमार मैक्स गाड़ी लेकर गभाना की तरफ से अलीगढ़ जा रहे थे। जैसे ही वह नेशनल हाईवे पर गांव भांकरी के समीप पहुंचे तभी घने कोहरे के चलते उनकी मैक्स गाड़ी आगे चल रही रोडवेज बस से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आई स्विफ्ट कार भी मैक्स से टकरा गई। हादसे में मैक्स चालक अवधेश के अलावा कार चालक लियाकत निवासी नई बस्ती थाना बन्नादेवी घायल हो गए। जबकि रोडवेज बस मौके से फरार हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों का एक निजी अस्पताल में उपचार कराया है।