हाईवे पर वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर-टॉली पलटे, चालक की मौत
लोधा। थाना क्षेत्र में हाईवे पर जतनपुर-चिकावटी के पास अज्ञात वाहन की टैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गए। हादसे में चालक की टैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार बदयूं के थाना मुजरिया के गांव दीनापुर निवासी 20 वर्षीय प्रशांत यादव पुत्र भूरे सिंह यादव गुरुवार देर रात को ट्रैक्टर-ट्राॅली में रोड़ी भरकर खेरेश्वर चौराहे की तरफ से गभाना की तरफ जा रहेे थे। जैसे ही वह हाईवे पर जतनपुर-चिकावटी के पास पहुंचे। तभी पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर-टॉली में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रत होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गए। जिसके नीचे चालक प्रशांत दबकर गंभीर रूप से घायल हाे गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर यूपी डायल-112 की पीआरवी 743 मौके पर पहुंच गई। पीआरवी कर्मियों ने राहगीरों की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे चालक को बाहर निकलवाया और उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने प्रशांत को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी पाकर परिजन भी अलीगढ़ पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पत्नी की एक वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। मृतक ने अपने पीछे एक बेटा को रोते-बिलखते हुए छोड़ा है।