ट्रोला ने कैंटर में मारी टक्कर, पलटने से चालक-क्लीनर हुए घायल
गभाना। गाजियाबाद-अलीगढ़ नेशनल हाईवे बाईपास पर नगला नत्था के समीप ट्रोला की टक्कर से कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कैंटर चालक व क्लीनर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
बुलंदशहर के थाना खुर्जा के गांव रोंदा निवासी अशरफ कैंटर चालक हैं। रविवार की रात्रि में वह साथी क्लीनर सफीक के साथ सासनी (हाथरस) से कैंटर में आलू लादकर दिल्ली जा रहे थे। देर रात्रि में जैसे ही वह गभाना में हाईवे बाईपास पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रोला ने कैंटर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया, जबकि ट्रोला भी आगे से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कैंटर चालक अशरफ व क्लीनर सफीक घायल हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों का कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार कराया है। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रोला को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
———-
गाली-गलौज का विरोध करना युवक को पड़ा भारी, मारपीट कर किया घायल
गभाना। कस्बा में एक युवक को शराब के नशे में गाली गलौज कर रहे युवक का विरोध करना भारी पड़ गया। शराबी युवक ने दूसरे युवक को मारपीट करते हुए घायल कर दिया। मामले में पीड़ित की पत्नी की ओर से आरोपी के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
कस्बा निवासी सतीश की पत्नी कल्पना ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि रविवार शाम को पड़ोस का ही लवकुश पुत्र रेशमपाल शराब के नशे में आ गया और उसके साथ गंदी-गंदी गालियां देने लगा। आवाज सुनकर पति मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी से गाली देने से मना किया तो आरोप है कि उसने उनके साथ मारपीट कर डाली। जिसमें वह घायल हो गया। इस दौरान आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच जुटी हुई है।
————–
किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज
चंडौस। कस्बा के एक मोहल्ला से दूसरा मोहल्ला का एक युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाकर अपने साथ ले गया। किशोरी अपने साथ घर से लाखों रुपये की नगदी व जेवरात भी साथ ले गई है।
मामले में किशोरी के पिता ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बीती 24 मई को कस्बा के ही मोहल्ला माली निवासी टिंकू उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। बेटी अपने साथ घर के मरम्मत को रखे एक लाख 80 हजार रुपये के अलावा सोेने-चांदी के जेवरात भी ले गई है। उन्होंने बताया कि परिजनों ने बेटी को काफी तलाश कर लिया, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका है। इंस्पेक्टर चंडौस सीता राम सरोज ने बताया कि पीडित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी व किशोरी की तलाश में जुटी हुई है।