सगाई समारोह से लौट रहे बाइक सवार दो युवको काे कार ने मारी टक्कर, दोनों की मौत
- हाईवे महरावल पुल के पास देर शाम हुआ दर्दनाक हादसा
गभाना। हाईवे पर महरावल पुल पर सगाई समारोह से घर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
लोधा के गांव रायट निवासी 45 वर्षीय जसवंत सिंह पुत्र नेमसिंह किसान थे। वह सोमवार शाम को गांव के ही 55 वर्षीय मौजी राम के साथ गांव के ही एक युवक के सगाई समारोह में बन्नादेवी के सारसौल स्थित एक मैरिज होम से शामिल होकर बाइक से गांव लौट रहे थे। बाइक को जसवंत सिंह चला रहे थे।
जैसे ही वह हाईवे पर महरावल पुल पर पहुंचे तभी खुर्जा की तरफ से तेज गति से जा रही ईका कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक व कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने जसवंत को मृत घोषित कर दिया, जबकि मौजी राम की हालत गंभीर देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान मौजी राम की मृत्यु हो गई। उधर हादसे के बाद आरोपी चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है। जसवंत पांच बच्चों के तथा मौजी राम दो बच्चों के पिता थे।