किशोरी के विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़े, जमकर हुआ बवाल
- थाना रोरावर क्षेत्र के जलालपुर चौकी क्षेत्र में खूब चले लाठी-डंडे, पथराव में दोनों पक्षों के दस लोग हुए घायल
अलीगढ। थाना रोरावर की चौकी जलालपुर क्षेत्र में रविवार शाम दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चल गए। इस दौरान हुए पथराव में दोनों ही ओर से दस लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार रात्रि को जलालपुर चौकी क्षेत्र में एक किशोरी को पड़ोसी का भांजा घर में घुसकर अपने साथ ले आया और बाद में उसे बंधक बनाकर गाड़ी से कहीं लेकर जा रहे थे।
किसी तरह किशोरी के परिजनों को इसकी खबर लगी तो उन्होंने कार को घेरकर पकड़ लिया। कार में किशोरी बंधक बनी मिली। आरोपी युवक मौके पर था इसको लेकर वहां हंगामा और जमकर बबाल हुआ। कंट्रोल रूम की सूचना पर इलाका पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। मामले में किशोरी के पिता ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
मुख्य आरोपी को रविवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। देर शाम फरार आरोपी इसराइल का भाई विनोद खान टप्पल से यहां आया था। उसे किशोरी पक्ष ने पकड़ लिया। इसको लेकर वहां जमकर बवाल हुआ। दोनों ओर से लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। काफी देर तक पथराव भी हुआ। जिसमें चार महिलाओं समेत दस लोग घायल हो गए। सीओ प्रथम अभय पांडे ने बताया कि मारपीट एवं पथराव में घायल सभी लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि विवाद की शुरूआत आरोपी पक्ष की महिला के कूड़ा डालने के दौरान हुई। तब किशोरी पक्ष की महिला ने उसे पकड़ लिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट में किशोरी पक्ष से मोहम्मद जाकिर, मौ शाकिर, मौ चांद, मौ.फरीद, मौ सौनू, महिला कौशर,आत्मा,नगीना, सलमा के अलावा आरोपी पक्ष से विनोद खां घायल हुए हैं। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।