गभाना में हाईवे पर अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराई, हादसे में दो युवकों की मौत
गभाना। दिल्ली–कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार दोपहर पचपेड़ा मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक अनियंत्रित हुई बाइक तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई और टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
दिल्ली से एटा जा रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के शालीमार बाग स्थित राहुल गांधी जेजे कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय सीटू सिंह पुत्र लालाराम अपने साथी 22 वर्षीय प्रमोद पुत्र मेवाराम के साथ बाइक से दिल्ली से एटा के राजा का रामपुर में बीमार रिश्तेदार को देखने के लिए एटा जा रहे थे। तभी करीब 2:15 बजे जब वह हाईवे पर पचपेड़ा मोड़ के समीप पहुंचे तभी किसी वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक असंतुलित हो गई। बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक कई मीटर तक घसीटते हुए डिवाइडर पर लगी लोहे की पत्तियों से टकरा गए।
मौके पर ही तोड़ा दम
हादसे में गंभीर चोट आने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मृत्यु हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वीडियो देखें 👇