कृषि व एग्री-फूड व्यवसाय पर वेबिनार का आयोजन
इगलास। मंगलायतन विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इनोवेशन एंड इंक्यूबेशन सेंटर द्वारा “मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत एग्री एवं एग्री-फूड व्यवसाय कैसे शुरू करें” विषय पर वेबिनार का आयोजन किया। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नवोदित उद्यमियों को कम निवेश में कृषि व खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े व्यवसाय शुरू करने के लिए व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करना था।
वेबिनार में कृषि एवं खाद्य क्षेत्र से जुड़े व्यवसाय पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें आंवला प्रसंस्करण इकाई के अंतर्गत आंवला कैंडी, मुरब्बा, जूस, पाउडर, अचार एवं च्यवनप्राश जैसे उत्पादों के निर्माण। मिनी ऑयल मिल व्यवसाय पर प्रकाश डाला गया, जिसमें सरसों, मूंगफली, तिल सहित अन्य खाद्य तेलों के निष्कर्षण की प्रक्रिया। मुरमुरा एवं मसाला ग्राइंडिंग व्यवसाय की बढ़ती मांग पर चर्चा करते हुए विभिन्न पहलुओं को समझाया गया। इसके साथ आवश्यक कच्चे माल, प्रसंस्करण तकनीक, मशीनरी, पैकेजिंग, खाद्य सुरक्षा मानकों एवं संभावित लाभ की जानकारी भी दी गई। यूआईआईसी के प्रबंधक डा. विपिन कुमार ने कहा कि कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र युवाओं के लिए स्वरोजगार की अपार संभावनाएं प्रदान करता है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी एवं वित्तीय पहलुओं की सरल जानकारी देकर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। समन्वय डा. मोहम्मद ओसामा एजाज रहे।