विधवा को घर से निकाला, छेड़छाड़ का आरोप
इगलास। एक गांव में विधवा महिला के साथ ससुरालजनों द्वारा उत्पीड़न किया गया। देवरों और ससुर ने स्त्रीधन व नकदी हड़प ली। छेड़खानी करने के साथ बच्चों समेत घर से बाहर निकाल दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का कहना है कि उसके पति की डेढ़ वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। पति की मृत्यु के बाद बीमा के तहत चार लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। देवर राकेश, राहुल व विमल ने उसमें से 70 हजार रुपये हड़प लिए। जब रुपये वापस मांगे तो उसके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की गई। आठ मार्च को तीनों देवरों और ससुर ने मिलकर उसके साथ अश्लील हरकत की। इतना ही नहीं उन्होंने उसके गहने सोने का पेंडल, कुंडल, चांदी की पायजेब, कर्धनी और 50 हजार रुपये कीमत के भैंसे (कटरा) की बिक्री की राशि भी छीन ली। इसके बाद महिला को उसकी दो बेटियों और बेटे समेत धमकाकर घर से निकाल दिया। इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने बताया कि महिला के प्रार्थना पत्र पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है।
—-
युवक के साथ मारपीट
इगलास। गांव बिचौला के नरेश पुत्र शिवराम शर्मा का कहना है कि वह रामनगर स्थित शराब के ठेके पर कैंटीन पर काम करता है। 16 मई को गांव के ही विष्णु शर्मा, गनेश शर्मा, रामशरन शर्मा आते ही गाली देने लगे। विरोध करने पर मारपीट की। धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।