ट्रक की टक्कर से कार सवार महिला की मृत्यु, पति व चालक घायल
इगलास। कोतवाली क्षेत्र में मथुरा रोड पर गांव साथिनी व काला आम के मध्य ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में अलीगढ़ निवासी दंपती सहित चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार को लेकर जाते समय महिला को रास्ते में मृत्यु हो गई। वहीं दोनों घायलों का उपचार चल रहा है।
अलीगढ़ के विवेक विहार कालोनी, आगरा रोड निवासी ग्रीस वर्मा अपनी पत्नी 50 वर्षीय माधुरी वर्मा के साथ क्रेटा से मथुरा की ओर जा रहे थे। कोतवाली क्षेत्र में मथुरा मार्ग पर गांव साथिनी व काला आम के मध्य शाम करीब चार बजे इनकी गाड़ी में सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दंपती सहित चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए कस्बा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा था। यहां से तीनों को अलीगढ़ रेफर किया गया था। रास्ते में माधुरी की मृत्यु हो गई। ग्रीस व चालक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में मृतका के देवर संजय वर्मा ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कराई है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है, वहीं चालक मौके से भाग गया।